अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगरा आ रहे हैं। ट्रंप यहां मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करेंगे। ट्रंप की सुरक्षा के कड़े इंतजामात किए गए हैं। अमेरिकी सुरक्षा ऐजेंसियां पहले से ही आगरा में डेरा डाल चुकी हैं। दुनिया के सबसे ताकतवर शख्स की सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि परिंदा भी पर न मार सके। खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक ट्रंप की सुरक्षा के लिए अकेले यूपी पुलिस के 5000 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था अलग। इस पूरी व्यवस्था में सबसे खास है ट्रंप की सवारी। Armored Limousine कार इसे The Beast Car भी कहा जाता है। अमेरिकी सुरक्षा ऐजेंसियों की मंशा है कि डोनाल्ड ट्रंप इसी कार से ताजमहल पहुंचें, जबकि ताजमहल पर केवल गोल्फ कार्ट की ही अनुमति है। अमेरिकी ऐजेंसियों की मंशा ने स्थानीय पुलिस प्रशासन को कश्मकश में डाल दिया है। अमेरिकी ऐजेंसियां जिस द बीस्ट से ट्रंप को ताजमहल तक लाना चाहती हैं, उसकी खूबियां भी बेमिसाल हैं। आइए जानते हैं द बीस्ट की खूबियां, जिससे वह पहुंच सकते हैं ताजमहल तक।