
आगरा। तूफान ने आगरा में बुधवार शाम तबाही मचाई थी। खेतों में किसानों की फसल बर्बाद हो गई। इस आपदा में सदर तहसील के पांच पीड़ित परिवारों को राहत के चेक वितरित किए गए, वहीं दो पीड़ित परिवारों को जिला पंचायत अध्यक्ष ने चेक दिए। वहीं जिला प्रशासन द्वारा पशुहानि के पीड़ितों को भी मदद पहुंचाने के लिए सूची बनाई जा रही है।
मृतकों को बांटे गए राहत और बचाव के चेक
आगरा में बुधवार को तूफान ने कई क्षेत्रों में तबाही मचाई थी। तूफान के चलते आगरा में 16 लोगों की जान गई थी। सरकार ने सभी मृतकों को राहत और बचाव के लिए मदद पहुंचाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को सदर तहसील क्षेत्र में पीड़ित परिवारों को मदद पहुंचाई गई। प्रत्येक पीड़ित परिवार को चार लाख की आर्थिक सहायता शासन दैवीय आपदा राहत कोष से प्रदान की गई। आगरा ग्रामीण विधान सभा की विधायक हेमलता दिवाकर और नायब तहसीलदार सराह अशरफ मौजूद थे। वहीं ग्राम महुआखेड़ा में जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल, ग्राम प्रधान पति महाराज सिंह द्वारा मृतक गौरीप्रसाद, बक्शी खान के परिवारीजनों को चेक वितरण किया गया। इस दौरान राजस्व टीम से श्रीनिवास यादव, अश्वनी कुमार उपस्थित थे।
पशुहानि के लिए सूची बना रहा प्रशासन
आगरा में सैकड़ों पशु मारे गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा पशुहानि की सूची बनाई जा रही है। जिला प्रशासन मृतकों को चार लाख रुपये के चेक वितरित कर रहा है। वहीं गंभीर घायलों को 12 हजार रुपये दिए जाएंगे। सामान्य घायलों को भी आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। करीब 115 पशुओं की मौत हुई है। दुधारू पशु के लिए 20 हजार और छोटे पशुओं के लिए तीन हजार रुपये, गैर दुधारू गायों की मौत पर उसके मालिक को 25 हजार रुपये देने की घोषणा सरकार ने की है।
Updated on:
13 Apr 2018 04:28 pm
Published on:
13 Apr 2018 04:28 pm
