
आगरा। बारिश कहर बरपा रही है। पिछले दस घंटे से रुक रुक हो रही बारिश ने बाह क्षेत्र में कहर ढहाया। वाह कस्बा बाजार में दो मंजिला मकान का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। मकान का मलबा धर्मशाला के ऊपर गिर पड़ा, जिससे धर्मशाला में शादी का कार्य कर रहे आधा दर्जन लोग दब गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और मलबे को हटाकर उसके अंदर से आधा दर्जन लोग को बाहर निकाला। चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मलबे में दबकर चार लोग हुए घायल
गंभीर अवस्था में घायलों को कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से सभी घायलों को इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया। बताया गया है कि कस्बा के झम्मन लाल धर्मशाला के ऊपर यह मकान का हिस्सा गिरा था। जिसमें धर्मशाला की टीन शेड में काम कर रहे हलवाई और धर्मशाला कर्मी मलबे में दब गए। दो दिन बाद इस धर्मशाला में कस्बा निवासी युसूफ की बेटी की शादी के लिए हलवाइयों द्वारा मिठाई और खाने-पीने के सामान बनाने का कार्य चल रहा था। सुबह से लगातार हो रही बारिश से धर्मशाला के बराबर वाला दो मंजिला मकान भरभराकर धर्मशाला के ऊपर गिर पड़ा। चारों घायलों को आगरा के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।