तीन घंटे चली लंबी प्रक्रिया
जिला पंचायत भवन पर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस प्रशासन की तैनाती की गई थी। सिर्फ पंचायत सदस्यों को ही अंदर एंट्री दी गई। भाजपा समर्थित पंचायत सदस्य प्रबल प्रताप ने जिन 32 सदस्यों के हस्ताक्षर के अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के शपथ पत्र सौंपे थे। वे पंचायत भवन पहुंचे। वहीं कुशल यादव के समर्थन में जो पंचायत सदस्य थे वे आए ही नहीं। वहीं सपा जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि और उनके पति राजपाल यादव पल पल का हाल लेते रहे। पंचायत भवन में अपर जिला जज भूपेंद्र राय को बैठक के लिए नामित किया गया था। जब सदस्य पहुंचे, तो उन्होंने मीटिंग की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि मीटिंग में सदस्यों ने किसी भी चर्चा के लिए साफ इंकार कर दिया। सदस्यों ने वोटिंग की मांग की, जिसके बाद पीठासीन अधिकारी ने वोटिंग कराई। इस वोटिंग में मौजूद 36 सदस्यों ने वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव के खिलाफ अपना मत दिया। जब काउंटिंग की गई, तो वहां मौजूद सभी 36 सदस्यों के वोट वर्तमान अध्यक्ष के खिलाफ थे। इसके बाद अधिकारियों ने अविश्वास प्रस्ताव के पारित होने पर मुहर लगाई। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आगरा प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि 36 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है। जिसके चलते कुशल यादव अब 27 सितंबर से जिला पंचायत अध्यक्ष नहीं रहेंगीं। शासन और राज्य निर्वाचन आयोग को इस मतदान और अविश्वास प्रस्ताव की पूरी जानकारी भेजी जा रही है।