
आगरा। बसपा सरकार में बनाए गए कांशीराम आवास योजना के मकानों में रह रहे लोग परेशान हैं। पीने की पानी जैसी मूलभूत सुविधा ना मिलने से लोगों में खासा आक्रोश व्याप्त है। एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र में बने कालिंदी विहार बी ब्लॉक में जब पत्रिका की टीम ने पड़ताल की तो लोगों ने अपना दर्द बयां किया। स्थानीय निवासी रेखा चौहान का कहना है कि यहां पीने का पानी प्राइवेट टैंकरों से खरीदकर पीना पड़ रहा है। जब पानी की परेशानी का रोना स्थानीय विधायक से रोया तो उन्होंने कुछ और ही जवाब दिया। स्थानीय विधायक रामप्रताप सिंह चौहान पर आरोप लगाए कि उन्होंने जवाब दिया है मायावती से जाकर पानी मांग लो। प्राइवेट टैंकरों से पानी की सप्लाई पर जलकल विभाग और जलनिगम भी चुप्पी साधे हुए बैठा है। वहीं भाजपा विधायक रामप्रताप सिंह चौहान का कहना है कि उन्होंने कोई भी ऐसी बात नहीं की। जनता की परेशानी को दूर करने के लिए उन्होंने कई बार वहां टैंकरों से पानी की सप्लाई कराई है।