
आगरा। कथित सपा नेता की दबंगई का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। बताया गया है कि कार रिपेयरिंग के पैसे मांगने पर सपा नेता ने गैराज मालिक को अपनी कार के बोनेट पर बैठाकर कार को कई किलोमीटर तक दौड़ाया। कार के सामने अचानक गाय के आने पर ब्रेक लगाई, जिससे गैराज मालिक बोनट से उछलकर गिर गया। डिवाइडर से टकराने के कारण गैराज मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
यहां का है मामला
ये मामला थाना सिकंदरा क्षेत्र के बोदला रोड का है। कारगिल पेट्रोल पंप चौराहे के पास ही अभिषेक सिंघल की कार सर्जन नाम से गैराज है। इसमें कार रिपेयरिंग और सर्विस का काम होता है। अभिषेक के भाई वरुण ने बताया कि शास्त्रीपुरम निवासी प्रेम चौधरी शुक्रवार को अपनी स्विफ्ट वीडीआई कार को लेकर सर्विस सेंटर पर आया था। कार में सस्पेंशन, क्लच में काम के साथ सर्विस भी हुई थी। शनिवार को प्रेम चौधरी कार लेने पहुंच गया। अभिषेक ने 35 हजार रुपये के बिल का भुगतान करने को कहा। खुद को सपा नेता बताकर वह रुपये देने के बजाए दबंगई करने लगा।
दौड़ाई कार
आरोपी ने कार को स्टार्ट कर लिया और आगे बढ़ाने लगा। इस अपर अभिषेक उसकी कार के सामने आ गए। कार की टक्कर से अभिषेक कार के बोनट पर आ गए। इसके बाद आरोपी ने कार को दौड़ाना शुरू कर दिया। दो से तीन किलोमीटर तक अभिषेक कार के बोनेट पर छटपटाते रहे, लेकिन आरोपी ने कार नहीं रोकी। वरुण कार का पीछा कर रहे थे। सिकंदरा रोड पर अन्ना आईकॉन कॉम्पलेक्स से आरोपी ने कार शास्त्रीपुरम की ओर मोड़ दी। इस रोड पर कार के सामने गाय आ गई। कार में अचानक ब्रेक लगने से अभिषेक कार के बोनेट से उछलकर डिवाइडर में टकरा गए। उनके सिर से खून बहने लगा। भाई ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस बुला ली। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल कराया। एएसपी सौरभ दीक्षित का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपित की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
Published on:
8 Dec 2019, 11:12 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.