
shivpal
आगरा। लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर सभी पार्टियों ने कमर कसना शुरू कर दी है। सभी पार्टियां अपनी अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं। भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन की कोशिशें करते नजर आ रहे हैं, वहीं शिवपाल यादव के समाजवादी सेक्युलर मोर्चे के गठन के बाद समाजवादी पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जो लोग शिवपाल को अब तक हल्के में लेने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें फिरोजाबाद में हुए रोड शो से इस बात का अंदाजा लग गया होगा कि शिवपाल को कम आंकना सही नहीं। जानिए कैसे हर दिन मजबूत हो रहे शिवपाल यादव —
परिवार के सदस्यों का मिल रहा साथ
अखिलेश की साईकिल रैली में सपा संरक्षक मुलायम सिंह के आने के बाद माना जा रहा था कि शिवपाल को परिवार से बिल्कुल अलग थलग कर दिया गया है। लेकिन हाल ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर मुलायम सिंह और शिवपाल एक साथ एक मंच पर दिखे। इस दौरान मुलायम सिंह ने उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद भी दिया था। बता दें कि शिवपाल लगातार नेता जी के साथ होने का दावा करते आ रहे हैं और उनके मोर्चे से चुनाव लड़ने उम्मीद भी जता रहे हैं। वहीं हाल ही एक कार्यक्रम के दौरान नेताजी की छोटी बहू अपर्णा यादव के तेवरों ने भी ये स्पष्ट कर दिया कि वे अपने जेठ के साथ नहीं बल्कि चाचा ससुर शिवपाल के साथ हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा को मजबूत बनाने की अपील भी की। इन घटनाओं से एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में परिवार की आपसी फूट की चर्चा गर्म हो गई है।
राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी का मिला समर्थन
राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी ने भी सपा को झटका दिया है। दरअसल शिवपाल यादव ने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने के बाद 26 दलों के एक गठबंधन की बात कही थी। इस कड़ी में उन्हें एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। हाल ही राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के नेता ने न सिर्फ शिवपाल से मिलकर उन्हें अपने स्थापना दिवस के कार्यक्रम में बुलाया, बल्कि अब वो शिवपाल के साथ गठबंधन करने जा रही है। यहां तक कि ये पार्टी शिवपाल को गठबंधन का सर्वे सर्वा मानते हुए 2022 में यूपी का मुख्यमंत्री तक बनाने की बात कह रही है।
रोड शो में दिखा शिवपाल का दम
रविवार को फिरोजाबाद जिले की सीमा कठफोरी से शुरू होकर टूंडला तक शिवपाल के रोड शो में शिवपाल की ताकत दिखी। इस शो में उनके साथ चल रहा हुजूम देखते बन रहा था। हजारों की संख्या में लोग और सैकड़ों की संख्या में गाड़िया इस रोड शो में शिवपाल के साथ थीं। रोड शो के दौरान उनका करीब 50 से ज्यादा स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। इस बीच शिवपाल ने 2019 में लोकसभा चुनाव फिरोजाबाद से लड़ने का संकेत दिया।
भाजपा भी हो रही मेहरबान
जब से शिवपाल सिंह यादव ने सपा से किनारा किया है तब से भाजपा भी उन पर मेहरबान होती दिखायी दे रही है। हाल ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मायावती का बंगला शिवपाल यादव को आवंटित किया। वहीं अब ये भी चर्चा है कि योगी सरकार शिवपाल सिंह यादव को जेड प्लस सुरक्षा भी महैया करा सकती है।
Published on:
17 Oct 2018 01:54 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
