
आगरा। तेज बारिश और तूफान ने शहर में तबाही मचा दी। दर्जनों मकान ढह गए, मलबे में दबने से तीन महिला समेत आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कई लोग घायल हैं, तो वहीं कई बड़े हादसों ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। पुलिस देर रात तक दौड़ती रही। जहां भी सूचना मिली, वहां पुलिस ने पहुंचकर बचाव कार्य किया।
ढह गए दर्जनभर मकान
थाना ताजगंज क्षेत्र के महुआ खेड़ा गांव में तेज बारिश और तूफान के कारण आधा दर्जन मकान ढह गए। इस हादसे में गौरीशंकर और हमीद खां की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि ग्राम प्रधान शांति देवी को बचा लिया गया, उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इसी गांव में कई अन्य मकान भी तूफान की चपेट में आ गए। कई घंटे तक लोग तड़पते रहे। गांव का मार्ग जाम था, जिससे पुलिस भी मौके तक नहीं पहुंच पा रही थी, जेसीबी से गांव का रास्ता साफ कराकर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा सका।
यहां भी हुए हादसे
थाना डौकी के गांव सुल्तानपुर में दीवार गिरने से 40 वर्षीय लंबरदार पुत्र रौतान सिंह की मृत्यु हो गई, वहीं गांव की अंगूरी देवी पत्नी श्रीभगवान भी इस दीवार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में अंगूरी देवी ने दम तोड़ दिया। वहीं डौकी के सरगन खेड़ा निवासी ठाकुरदास की भी दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। वहीं समोगर के कई ग्रामीण तूफान की चपेट में आकर दूर खेतों में बेहोश पड़े मिले। बताया गया कि तूफान इतनी तेज था, कि हवा के साथ ये किसान भी दूर जा गिरे। वहीं फतेहपुर सीकरी के गांव उंदेरा में दीवार में दबने से दो ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए। अछनेरा के कुकथला गांव में 30 वर्षीय निर्मला देवी की घर की छत ढहने से मौत हो गई, वहीं नागर निवासी कलुआ भी मलबे में दब गया। जब तक लोगों ने उसे निकाला, उसकी मौत हो चुकी थी। अछनेरा के अगनपुरा निवासी 35 वर्षीय चंद्रवती पत्नी हीरालाल की भी घर की दीवार गिरने से मौत हो गई। अछनेरा मोहल्ला शेखान निवासी हारुन का दो मंजिला मकान गिरने से उनके परिवार के आठ सदस्य मलबे में दब गए। मोहल्ले के लोगों ने इन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
Published on:
12 Apr 2018 07:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
