
Superstar of the year
आगरा। एन एच-2 कुबेरपुर स्थित केपी ग्रुप ऑफ इंस्टीटूशन्स में एकता सामजिक संस्था द्वारा डांसिंग एवं मॉडलिंग प्रतियोगिता “सुपरस्टार ऑफ द ईयर” तथा “जश्न-ए-ताज” का सेमीफाइनल हुआ, जिसमें आगरा, कानपुर, मथुरा, टूंडला एवं फ़िरोज़ाबाद के लगभग 150 प्रतिभागियों ने अपना हुनर दिखाया।
हुआ शुभारंभ
सेमीफाइनल का शुभारम्भ संस्थान के सचिव मुकेश अग्रवाल, एग्जीक्यूटिव निदेशक शशांक अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात विभिन्न क्षेत्रों से आये हुए प्रतिभागियों ने पंजीकरण के पश्चात एक-एक कर अपनी प्रस्तुतियां दीं। पहले डांस की प्रस्तुतियां हुईं, जिसमें युवा प्रतिभागियों ने नृत्य के विभिन्न प्रारूप जैसे की हिप हॉप, सालसा, क्लासिकल, बॉलीवुड, आदि का प्रदर्शन कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। नए एवं पुराने गीतों पर झूमता देख सभी दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए।
बेटियों ने मनवाया लोहा
नृत्य के पश्चात् मॉडलिंग आरम्भ हुई जिसमें लड़के-लड़कियों ने अपने सौंदर्य, आत्मविश्वास, हाजिर जवाबी, आदि मापदंडों के जरिये लोहा मनवाया। मॉडलिंग का प्रथम चरण कैटवाक राउंड रहा, जिसमें एक-एक कर प्रतिभागियों ने रैंप पर चलकर अपनी उपस्थिति दी। तत्पश्चात परिचय लिया गया एवं सवाल-जवाब किये गए। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों से मॉडलिंग क्षेत्र के विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनके बड़े ही काबिले तारीफ तरीके से उत्तर दिए गए।
ये रहे निर्णायक मंडल में
निर्णायक मंडल में मशहूर कोरिओग्राफर ललित सिसोंदिया, सिकंदर राजपूत, कई सौंदर्य प्रतियोगिताएं जीत चुकीं अर्चना श्रीवास्तव आदि रहीं। नारायण बहरानी, रविंद्र जैन, अनूप कुमार एवं नीरज का महत्वपूर्ण योगदान रहा। एकता संस्था की अध्यक्षा एकता जैन ने बताया की सुपर स्टार ऑफ़ द ईयर एक वार्षिक प्रतियोगिता है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं के हुनर को एक पहचान देना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल 6 जुलाई को आयोजित होगा, जिसमें कलर्स टीवी डांस दीवाने फेम किरण कुमार कोहली मुख्य आकर्षण होंगे।
ये बोले कॉर्पोरेट निदेशक
संस्थान के कॉर्पोरेट निदेशक पियूष अग्रवाल ने बताया कि आज के सेमीफइनल में विभिन्न शहरों से आये प्रतिभागियों ने दमदार प्रदर्शन दिया एवं निर्णायकों के लिए मुश्किल खड़ी की। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है एवं उनका चौमुखी विकास होता है। संचालन शालिनी उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के दौरान हिमाद्रि मोहन, एकता संस्था से वरुण, निखिल, साहिल, दर्शन, आदित्य, योगिता, राहुल, विक्की, तनिष्का एवं संस्थान के अन्य सदस्यों की उपस्थिति सराहनीय रही।
ये भी पढ़ें - डीएम की टीम ने कैंटर से तिरपाल हटाया तो आँखें फटी रह गईं
Published on:
26 Jun 2019, 5:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.