
Traders warning
आगरा। पिनाहट के कस्बा भदरोली में व्यवसायी के घर पर लाखों की डकैती के मामले में व्यापारियों की बैठक हुई। इस बैठक के बाद एसपी ग्रामीण के नाम ज्ञापन दिया गया। साथ ही कहा गया कि यदि दो दिन में डकैती का खुलासा नहीं होता है, तो व्यापारी बाजार बंद करेंगे।
ये था मामला
थाना पिनाहट के कस्बा भदरोली मे शुक्रवार रात व्यवसायी शिवदत्त गुप्ता के घर पर डकैतों द्वारा व्यवसायी को बंधक बनाकर डकैती डाली गयी थी, जिसमे साढ़े बीस लाख रुपये नगद सहित करीब 700 ग्राम सोना भी चला गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहोल रहा, वहीं पुलिस के आला अधिकारियों का दिनभर आना जाना लगा रहा। इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने आज एक बैठक आयोजित की, जिसमें उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
ये हुआ निर्णय
बैठक में सर्व सम्मति से फैसला लिया गया, कि यदि दो दिन के अंदर पुलिस द्वारा डकैती का खुलासा नहीं किया गया, तो वे बाजार बंद कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। वहीं बैठक के बाद सभी व्यापारी भदरोली पुलिस चौकी पर पहुंचे। एसपी पूर्वी नित्यानंद राय व सीओ पिनाहट मोहसिन खान को लिखित ज्ञापन दिया।
प्रदेशव्यापी होगा आंदोलन
व्यापारियों ने कहा कि यदि दो दिन में मामले का खुलासा नहीं हुआ तो केवल भदरोली में ही नहीं, अपितु प्रदेश भर में बाजार बंद कराया जाएगा। व्यापारियों के प्रतिनिधिमण्डल के प्रदेशउपाध्यक्ष चुन्नीलाल गुप्ता, मुकेश सिंह, कपूर चंद रावत, शिवकुमार गुप्ता, वीर किशोर गुप्ता, मनोज गुप्ता, सतीश गुप्ता, प्रेम शंकर गुप्ता, अनिल गुप्ता, आजाद गुप्ता, सुनील गुप्ता, संजय गुप्ता आदि भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - 50 लाख की डकैती के खुलासे के लिए चार टीम हुई गठित
Published on:
10 Jul 2018, 8:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.