
बरेली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश शनिवार सुबह स्पोर्ट्स स्टेडियम लाया गया जहां पर नम आंखों से अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई। अटल जी को श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा के नेताओं के अलावा कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता भी स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम में लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अस्थि कलश बरेली पहुंचने पर तेज बारिश भी शुरू हो गई थी जो सुबह तक जारी रही मानो आसमान भी रो पड़ा हो।
लोगों ने बरसाए फूल
श्रद्धांजलि सभा के बाद अस्थि कलश विसर्जन यात्रा स्टेडियम से रवाना हुई जो कि शहर के विभिन्न रास्तों से गुजरा। रास्ते में लोगों ने अस्थि कलश विसर्जन यात्रा पर फूल बरसा कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर से अस्थि कलश विसर्जन यात्रा फरीदपुर जाएगी। फरीदपुर से अटल जी का अस्थि कलश बदायूं ले जाया जाएगा। बदायूं से शाम अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश रामगंगा के तट पर पहुंचेगा जहां पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को राम गंगा में प्रवाहित करेंगे।
ये रहे मौजूद
अटल बिहारी वाजपेयी की श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, सिंचाई राज्य मंत्री बदलदेव सिंह औलख, प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, मेयर उमेश गौतम, शहर विधायक अरुण कुमार, बिथरी चैनपुर विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, भोजीपुरा विधायक बहोरनलाल मौर्य, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, हर्षवर्धन आर्य समेत तमाम नेता और बरेली के नागरिक उपस्थित रहे।