
आगरा। प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ.दिनेश शर्मा का कहना है कि बोर्ड परीक्षाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नकल विहीन परीक्षाएं कराने के लिए अधिकारी पूरे बंदोबस्त कर लें। रविवार को डिप्टी सीएम डॉ. शर्मा आगरा में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवाकत मिर्जियोयेव के स्वागत के लिए आए। निर्धारित समय से एक घंटा पहले ही डिप्टी सीएम आगरा पहुंच गए। सर्किट हाउस के बंद कमरे में प्रशासनिक व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी ली। सर्किट हाउस के बाहर एकत्र अधिवक्ताओं ने डॉ.एचएस बैरागी की गिरफ्तारी को लेकर उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन भी दिया। बैठक के बाद डिप्टी सीएम मेयर नवीन जैन के साथ एमडी जैन कॉलेज के कार्यक्रम में गए। यहां चातुर्मास मेले का समापन डॉ.शर्मा ने किया।