इन स्थितियों को देखकर माना जा रहा है कि भाजपा और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अपनी पहली परीक्षा डिस्टिक्शन के साथ पास कर ली है। आपको बता दें कि राज्य के 16 नगर निगमों, 198 नगर पालिका परिषद और 439 नगर पंचायतों में चुनाव तीन चरणों में कराया गया था। इस बार लोगों में मतदान को लेकर उदासीनता देखी गई थी तो कहीं वोट डालने गए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में न होने के कारण उन्हें मायूसी का सामना करना पड़ा। इन तीनों चरणों में सबसे ज्यादा उदासीनता शहरी इलाकों में और नगर निगमों में दिखाई दी। लेकिन फिर भी यदि 2012 के चुनावों से इसकी तुलना की जाए तो इस बार का मतदान प्रतिशत 2012 के चुनावों से छह प्रतिशत अधिक रहा। 2012 के चुनाव का मतदान प्रतिशत करीब 46.2 था जब कि इस बार का औसतन मतदान 52.5 प्रतिशत रहा।