
Vishwa Hindu Parishad
आगरा। पिनाहट कस्बे के अम्बेडकर पार्क में विश्व हिन्दू परिषद द्वारा हिन्दू युवा सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिन्दू युवा सम्मेलन में उमड़े जन सैलाब में संगठन मंत्री मनोज कुमार को सुनने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। संगठन मंत्री ने साफ शब्दों में कहा, कि अगर हिन्दुत्व बचाना है, तो चार बच्चे पैदा करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रनवीर सिंह भदौरिया तथा संचालन जिला संयोजक बजरंग दल सतेन्द्र परिहार ने किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता पहुंचे संगठन मंत्री ब्रजप्रांत मनोज कुमार व मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह चौहान का आयोजनकर्ताओं ने साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। पिनाहट कार्यकारिणी ने संगठन मंत्री को तलवार भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य वक्ता संगठन मंत्री मनोज कुमार ने हिन्दू युवा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुस्लिम शासक बाबर द्वारा भगवान श्री राम की जन्म स्थली अयोध्या में बनाई गई बाबरी मस्जिद को हिन्दुओं ने 1992 में ढहा दिया था। अब समय आ गया है अयोध्या में राम लला के भव्य मंदिर निर्माण का ।
जातिवाद मिटा दो
संगठन मंत्री ने कहा कि हिन्दुओं एक हो जाओ, छुआछूत और जातिवाद को मिटा दो। आपस में नफरत की दीवारें तोड़ो, अखंड भारत से नाता जोड़ो। मनोज कुमार ने कहा कि यदि आप अखंड भारत का निर्माण करना चाहते हैं तो विश्व हिन्दू परिषद से जुड़़ें और अपने राष्ट्र को मजबूत बनाएं। वहीँ देश में दिनों दिन बढ़ रही मुस्लिम जन संख्या पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हिन्दुओं को भी अपनी जन संख्या बढ़ानी होगी। यदि हिन्दुओं को हिन्दू धर्म बचाना है तो हम दो हमारे दो नहीं, बल्कि चार संतान के सिद्धांत पर चलना होगा। मनोज कुमार ने सम्मेलन में उपस्थित सभी हिन्दुओं के हाथ खड़े कर चार चार बच्चे पैदा करने की शपथ दिलाई ।
शौर्य दिवस के रूप में मनाया
प्रांत सह संयोजक बजरंग दल सतेन्द्र बरुआ ने सम्मेलन में बाबरी मस्जिद विध्वंस की 25 वी वर्ष गांठ पर शौर्य दिवस के बारे में हिन्दुओं को विस्तार से जनकारी दी। सम्मेलन की समाप्ति के बाद संगठन मंत्री मनोज कुमार के नेतृत्व में सैकडों की संख्या में संगठन कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर तिराहे पर आतिशबाजी कर शौर्य दिवस मनाया । इस मौके पर नीतेश मोहनियां, उमेश पाराशर, सोनू सैँथिया, डॉ सतीश जादौन, नन्दन पाठक, संटू सिकरवार, निखिल गुप्ता, पंकज शर्मा, पूर्व चैयरमैन अशोक कुमार, मनोज कुमार, योगेन्द्र परिहार आदि मौजूद रहे ।
Published on:
06 Dec 2017 07:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
