
Woman burn
आगरा। मंसुखपुरा में शादी के बाद बच्चा न होने पर ससुरालीजनों ने महिला को जानवरों जैसी यातनायें दीं । बात यहीं खत्म नहीं हुई महिला को जलती सिगरेट से दागा गया। जब महिला इतना जुल्म सहने के बाद भी ससुराल से नहीं गई, तो उसके साथ मारपीट की गई और बाद में लात मारकर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला के भाई ने गम्भीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
ये है मामला
थाना खेराराठौर के गांव देवी सिंह का पुरा निवासी एक महिला की शादी नौ साल पूर्व थाना मंसुखपुरा के गांव टोडा निवासी राकेश पुत्र मायाराम के साथ हुई थी। पीड़ित महिला के भाई का आरोप है कि शादी के कुछ साल बाद ही पति राकेश आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। शादी के नौ साल बाद भी जब महिला के एक भी बच्चा नहीं हुआ तो घर से निकालने के इरादे से उत्पीड़न करना शुरू कर दिया गया, लेकिन महिला ने हार नहीं मानी ।
सिगरेट से महिला को जलाया
महिला के भाई ने बताया 18 अप्रैल को को पति राकेश, जेठ सुरेंद्र, ससुर मायाराम और बहिनोई सतीश ने एक साथ मिलकर जानवरों की तरह लाठी डंडों व लोहे की रॉड से मारपीट की और अमानवीय यातनायें देते हुए बंद कमरे में जलती सिगरेट से हाथ, पैर व पेट को दागा गया। इतना सब कुछ सहने के बाद भी जब महिला ससुराल छोड़ नहीं गई, तो सभी ने मिलकर मारपीट करते हुए पेट में लात मारकर घर से धक्के देकर भगा दिया। महिला रोती बिलखती अपने मायके पहुंची और घटना से परिजनों को अवगत कराया।
पंचायत में नहीं हो सका निर्णय
2 मई को गांव में पंचायत भी हुई। आरोप है कि पंचायत में ससुरलीजनों ने कहा की मायके भेजा तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। भला इसी में है आप अपनी बेटी को मायके में ही रखो। महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि जब उसने इस मामले की शिकायत थाने में करने की बात कही तो उसे एक फोन से जान से मारने की धमकी भी मिली। इसके बाद पीड़ित महिला के भाई ने थाना मंसुखपुरा में ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं इस मामले में इंस्पेक्टर थाना मंसुखपुरा सुनील कुमार का कहना है कि तहरीर आ गई है। मामले की जांच चल रही है।
Published on:
05 May 2018 07:10 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
