29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ahmedabad: स्कूल से लौटकर ट्यूशन जाने निकला था 14 साल का हिमांशु, लिफ्ट में फंसा गला और चली गई जान

Ahmedabad Accident News: अहमदाबाद के नारोल क्षेत्र में मंगलवार को लिफ्ट हादसे में 14 साल के बच्चे की मौत हो गई। स्कूल से लौटने के बाद ट्यूशन जाने के लिए लिफ्ट में सवार बच्चा हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
2 min read
Google source verification
Ahmedabad Lift Accident

प्रतीकात्मक तस्वीर

Ahmedabad Lift Accident: शहर के नारोल क्षेत्र में उन्मेद रोड पर स्थित शांति शुक्र सोसाइटी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 साल के बच्चे की मौत हो गई। स्कूल से घर लौटने के बाद बच्चा लिफ्ट से जा रहा था। इसी दौरान बच्चे का गला लिफ्ट में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक टीम वहां पहुंची तब तक लिफ्ट में फंसे बच्चे को लोगों ने बाहर निकाल लिया था।

मौके पर ही मौत

इस घटना में जख्मी होने के चलते मासूम ने दम तोड़ दिया। बालक का नाम हिमांशु बघेल (14) है। वह शांति शुक्र सोसाइटी के एक फ्लैट में रहता था। हिमांशु मंगलवार सुबह स्कूल गया था। वहां से लौटने के बाद वह ट्यूशन के लिए रंगोलीनगर जाने को घर से निकला था। वह लिफ्ट में सवार हुआ। इसी दौरान अचानक लिफ्ट नीचे की ओर गिर गई। इस घटना में उसका गला लिफ्ट में फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोसायटी में हड़कंप मचा

हादसे की जानकारी मिलते ही सोसायटी में हड़कंप मच गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हंसते खेलते बच्चे की कुछ ही देर में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के बाद लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था और उसके रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लिफ्ट अचानक नीचे कैसे गिरी और बच्चे का गला किस तरह फंसा, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस बीच सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। मासूम मृतक कक्षा सात में पढ़ता था।

बस-बाइक में भिड़ंत, एक की मौत

वहीं शहर के राणीप क्षेत्र में मेट्रो स्टेशन के नीचे मंगलवार शाम को एएमटीएस बस और बाइक के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक चालक बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के तहत यह घटना मंगलवार शाम करीब सवा पांच से साढ़े पांच बजे के बीच हुई। बाइक से जा रहे एक प्रौढ़ का प्रकाश विद्यालय (ईसनपुर) से राणीप डायवर्जन रूट की एएमटीएस बस के साथ एक्सीडेंट हो गया। इसमें बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई।