
शहर के एक किचन में खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच करता मनपा कर्मचारी।
Ahmedabad. त्योहारों के दिनों में शुद्ध भोजन सामग्री खाने की उम्मीद रखने वाले शहर के आम लोगों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है। चटनी से लेकर नमकीन, पनीर, सांभर, वेज पफ तथा पामोलीन तेल से लेकर घी व देशी घी तक के नमूने जांच में फेल हुए हैं।
अहमदाबाद महानगर पालिका (मनपा) के फूड सेफ्टी विभाग की ओर से सितंबर महीने में चलाए गए विशेष जांच अभियान की रिपोर्ट में यह चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मनपा की लैबोरेटरी जांच में देशी गाय के घी, पनीर, सॉस, पामोलिन तेल और चटनी समेत खाद्य पदार्थों के 22 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे और 'सबस्टैंडर्ड' (अप्रमाणित) घोषित किए गए हैं। नियम तोड़ने, भारी गंदगी और मिलावट का खेल चलाने वाली 28 व्यावसायिक इकाइयों पर भी कार्रवाई की गई है। मनपा ने तत्काल प्रभाव से इन सभी इकाइयों को सील कर दिया।
मनपा स्वास्थ्य विभाग ने सितंबर माह के दौरान शहर भर से खाद्य पदार्थों के 612 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे। लैब विश्लेषण में इसमें से 22 सैंपल में मिलावट व तय मानकों की कमी पाई गई। इसमें ब्रांडेड देशी गाय का घी व पनीर भी शामिल है। माधुपुरा क्षेत्र में जांच के दौरान जब्त किए गए 'गोपीश्री' देशी गाय के घी, 'श्री अमृत' प्योर गाय के घी, 'केटी कृष्णा' प्रीमियम काउ घी, 'खुशाली' प्योर काउ घी और 'प्रसंग' देशी गाय का घी जांच में सबस्टैंडर्ड पाए गए हैँ। वहीं नारोल की शिवम डेरी से लिए गए 'मिल्कोआ' ब्रांड का लो फैट पनीर और मध्यम फैट पनीर के सैंपल भी जांच में फेल साबित हुए है।
मनपा के तहत ओढव में मुंद्रा कॉर्पोरेशन से लिए गए डीईसीईएम और रेड गोल्ड के अदरक-लहसून पेस्ट, बागे फिरदौस में एमएस फूड्स प्रोडक्ट के सोया सॉस, स्वीट चटनी, चिली सॉस भी सब स्टैंडर्ड पाए गए। नारणपुरा में अरोमा एन्टरप्राइज का गारलिक पाउडर, गिरधरनगर सोसाइटी के नाम की रजवाड़ी टी स्टॉल का वेज पफ और सरदारनगर तलवडी के पास राजूभाई ढोसा वाला की लारी का सांभर का सैंपल भी गैरमानक पाया गया।
ईसनपुर के 'राजस्थान दालवड़ा सेंटर' में दोबारा गर्म कर इस्तेमाल किया जा रहा कुकिंग ऑयल, गोमतीपुर कब्रस्तान के पास आरव किराणा स्टोर्स के पामोलीन तेल का सैंपल जांच में फेल रहा। सरखेज में श्री खोडल होटल की रेड ग्रेवी, घाटलोडिया में रत्नदीप टावर की मधुर डेयरी पार्लर का मीडियम फैट पनीर सब स्टैंडर्ड पाया गया। राणीप के चेनपुर रोड श्रीजी डेयरी पार्लर का घी, अमराईवाड़ी चौकसी की चाली जनता डेयरी पार्लर का घी भी जांच में फेल रहा। इन सभी स्टोर को सील भी किया गया।
अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों, बिना एफएसएसएआइ लाइसेंस के काम करने और मिलावटी सामान बेचने पर 28 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। इसमें वटवा की एम.एम. फूड प्रॉडक्ट्स बिना फूड सेफ्टी लाइसेंस व अस्वास्थ्यकर माहौल के कारण, वेजलपुर के श्री मातेश्वरी चवाणा एंड स्वीट मार्ट को नमकीन में प्रतिबंधित सिंथेटिक फूड कलर का उपयोग करने, राणीप के शांतिनाथ जैन गृह उद्योग के एक्सपायरी डेट का खाद्य पदार्थ बेचने, बापूनगर के शिव चाइनीज एंड भाजीपाव सेंटर को लो फैट पनीर का सैंपल फेल होने के कारण सील किया गया। चांदलोडिया का गुजरात फ्राय सेंटर व आश्रम रोड का जनता सुपर आमलेट बिना लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन और गंदगी के कारण सील किया गया। वटवा में अरिहंत मार्केटिंग को बिना लाइसेंस गोदाम संचालित करनेऔर नवरंगपुरा के सनराइज लिविंग पीजी में किचन में गंदगी मिलने पर उसे सील किया गया।
मनपा के तहत सितंबर माह में मनपा टीम की ओर से 512 सैंपल लिए गए। इसमें से 22 फेल पाए गए। 21 लाख रुपए कीमत का 8334 किलोग्राम खराब खाद्य पदार्थ नष्ट किया गया। 12.78 लाख रुपए से ज्यादा जुर्माना वसूला गया। वहीं 404 इकाइयों को नोटिस दिया गया।
Updated on:
03 Oct 2026 10:25 pm
Published on:
03 Oct 2026 10:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
