Ahmedabad शहर में इन दिनों मच्छरजनित और जलजनित रोगों के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। सितंबर के 30 दिनों में डेंगू के 756 मरीज सामने आए, जो इस महीने में मच्छरजनित रोगों में सर्वाधिक हैं। इसी दौरान मलेरिया के 137, फाल्सीफेरम के 41 और चिकनगुनिया के 10 मामले दर्ज किए गए।महानगरपालिका (मनपा) के अनुसार सितंबर 2025 में डेंगू के 448 मरीज मिले थे, जबकि सितंबर 2026 में यह संख्या बढ़कर 756 हो गई। फाल्सीफेरम के मामले भी पिछले वर्ष के 35 से बढ़कर इस वर्ष 41 हो गए। पिछले वर्ष सितंबर में चिकनगुनिया का एक भी मामला सामने नहीं आया था, जबकि इस वर्ष 10 मरीज मिले हैं।जलजनित रोगों में सितंबर के दौरान टाइफाइड के 266 मरीज मिले, जो इस श्रेणी में सर्वाधिक हैं। पीलिया के 79 और उल्टी-दस्त के 208 मामले सामने आए। इस वर्ष जनवरी से 30 सितंबर तक टाइफाइड के 1685, पीलिया के 611 और उल्टी-दस्त के 4128 मरीज दर्ज किए गए हैं।