
सड़क हादसे में दुर्घटनाग्रस्त कार।
राजकोट/ जामनगर. गुजरात के भावनगर जिले के त्रापज गांव के पास मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कार में सवार 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। सभी मृतक भावनगर से अलंग जा रहे थे जहां वे शिप ब्रेकिंग यार्ड में काम करते थे।
जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 10 बजे तलाजा तहसील के त्रापज गांव के पास भावनगर-सोमनाथ हाईवे के सर्विस रोड पर हुआ। ट्रेलर चालक नाश्ते के लिए हाईवे किनारे वाहन खड़ा कर रुका था। पुलिस के मुताबिक, सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर में पीछे से तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर भी आगे खिसक गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक पहिया भी बाहर निकल गया। मृतकों के शव सड़क पर बिखर गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वाहन के दरवाजे बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण लोहे की रॉड की मदद से उन्हें खोलकर लोगों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सरकारी सर टी. अस्पताल भेजा गया। तलाजा पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया। ट्रेलर राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले का पंजीकृत बताया जा रहा है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया।
मृतकों की पहचान चालक विजय वोरा, पीयूष शाह, प्रितेश भायाणी, भार्गव गोसाई, हिरेन मेहता, जयेश वासाणी और योगेश शाह के रूप में हुई है। ये सभी भावनगर के निवासी बताए जाते हैं। बताया गया कि सभी मृतक अलंग शिप ब्रेकिंग यार्ड में प्लॉट मालिक सह जैन समाज से जुड़े ज्यु शाह के स्टाफ सदस्य थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के शव मिनी ट्रक से भावनगर के सर टी. अस्पताल पहुंचाए गए। शव अस्पताल पहुंचते ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल रहा। घायल व्यक्ति को भी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले पीयूष शाह के पुत्र की शादी अगले साल 16 फरवरी को होने वाली थी। शादी से कुछ महीने पहले ही परिवार ने अपने सदस्य को खो दिया।
शिप ब्रेकिंग यार्ड के प्लॉट मालिक के भतीजे धर्मेंद्र शाह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उनके स्टाफ के सदस्य थे। वे केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों की तरह थे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
Updated on:
06 Oct 2026 09:41 pm
Published on:
06 Oct 2026 09:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
