5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ahmedabad: दीपावली से पहले शहर में 2.30 रुपए महंगी हुई सीएनजी, कीमत 100 के पार

-ऑटो रिक्शा चालक यूनियनों ने जताई नाराजगी, भाव वृद्धि वापस लेने की मांग, 15 दिनों में ही फिर से बढ़े कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस के दाम
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

nagendra singh rathore

•

Updated: 5 Nov 2026, 10:20 PM IST

Auto Driver

मेमनगर में विरोध दर्ज करने को एकत्र हुए ऑटो चालक।

Ahmedabad. दीपावली पर्व से ठीक पहले गुरुवार से शहर में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) 2.30 रुपए प्रति किलो महंगी हो गई। इसी के साथ सीएनजी की कीमत 100 रुपए के आंकड़े को पार कर गई है। अब शहर में सीएनजी की कीमत प्रति किलो 100.77 रुपए हो गई है। इससे पहले दाम 98.47 रुपए प्रति किलो थे। 15 दिनों में यह लगातार दूसरी बार वृद्धि की गई है। इससे पहले 23 अक्टूबर को 4.40 रुपए प्रति किलो वृद्धि की गई थी। 15 दिनों में सीएनजी 6.75 रुपए महंगी हो गई है। ऐसे में ऑटो रिक्शा-टैक्सी चालक यूनियनों ने नाराजगी जताई है। शहर में ऑटो रिक्शा चालकों ने मेमनगर फायर स्टेशन के पास एकत्र होकर सीएनजी वृद्धि के निर्णय को वापस लेने की मांग की और रोष जताया।

अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन के अध्यक्ष विजय मकवाणा ने इस भाव वृद्धि पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए सरकार और संबंधित विभागों से तत्काल प्रभाव से यह बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि करीब बारह दिन पहले ही सीएनजी गैस के दाम में प्रति किलो ₹4.45 का इजाफा किया था, और अब त्योहार के समय गुरुवार को फिर से प्रति किलो ₹2.30 सीएनजी के दाम बढ़ा दिए हैं। सरकार को सीएनजी पर लगने वाले टैक्स में कटौती कर ऑटो और टैक्सी चालकों को राहत देनी चाहिए।

जनवरी से अब तक 20 रुपए बढ़े दाम

जनवरी से लेकर अब तक सीएनजी में 20 रुपए (19.60 रुपए) की वृद्धि हो चुकी है। 23 जनवरी को 81.17 रुपए प्रति किलो सीएनजी मिलती थी, गुरुवार को उसकी कीमत बढ़कर 100.77 रुपए हो गई है। हालांकि इस बीच चार साल बाद रिक्शा किराए में 5 (मिनिमम और रनिंग दोनों में) बढ़ोतरी भी की गई।

अब पेट्रोल-सीएनजी के दाम एक समान

ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर एसोसिएशन अहमदाबाद के अध्यक्ष राज शिरके ने कहा कि जब सीएनजी को लेकर आया गया था, तब सरकार ने दावा किया था कि सीएनजी पेट्रोल से 50 फीसदी सस्ती रहेगी। लेकिन आज स्थिति यह है कि पेट्रोल और डीजल दोनों ही एक समान कीमत पर बिक रहे हैं। उनका एसोसिएशन इस वृद्धि की कड़ी निंदा करता है।

इस साल यूं बढ़े सीएनजी के दाम

तिथि-कीमत-वृद्धि

-1 जनवरी-₹81.17-₹1.21 की कमी

-23 जनवरी-₹81.77-₹0.60 वृद्धि

-7 फरवरी -₹82.27-₹0.50

-2 अप्रेल-₹83.77-₹1.50

-16 मई -₹86.02-₹2.25

-27 मई- ₹88.02- ₹2.00

-19 जुलाई-₹90.02-₹2.00

-1 अगस्त-₹94.02-₹4.00

-23 अक्टूबर-₹98.47-₹4.45

-5 नवंबर-₹100.77-₹2.30