
शहडोल/बुढ़ार. परीक्षाओं के मद्देनजर एक ओर जहां जिला मुख्यालय से लेकर केन्द्र स्तर तक प्रयास किये जा रहे हैं कि छात्र तनाव मुक्त रहें और परीक्षा की तैयारियों में किसी भी प्रकार का व्यवधान न हो। दूसरी तरफ जिला मुख्यालय से लगभ 20 किलोमीटर दूर बुढ़ार नगर परिषद अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के समीप स्थित स्टेडियम में रविवार से क्रिकेट प्रतिस्पर्धा प्रारंभ की गई है।
जिसका वृहद स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। जिससे न केवल विद्यालय की गतिविधियां प्रभावित होंगी अपितु आस-पास के क्षेत्रों में इसका बुरा प्रभाव पडऩा तय है। इसके बावजूद भी इसे नजर अंदाज किया जा रहा है। सबसे ताज्जुब की बात तो यह है कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा एक आदेश जारी किया गया है जिसमें फरवरी मार्च माह में विद्यालय के खेल मैदानों में किसी भी प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं व आयोजनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया है। उक्त आदेश का कड़ाई से पालन कराए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रभावित होगी पढ़ाई
शासकीय उत्कष्ट विद्यालय बुढ़ार के ठीक सामने स्थित स्टेडियम में रविवार से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन शुरू किया गया है। इस प्रतियोगिता में प्रतिदिन सैकड़ो की तादाद में भीड़ एकत्रित होगी। वहीं लाउड स्पीकर व बाक्सों के माध्यम से पूरे कार्यक्रम का वर्णन होगा। जिसके चलते न केवल विद्यालय में चलने वाली शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होंगी बल्कि आस-पास के क्षेत्रों में कक्षा 10 वीं 12 वीं के छात्रों की तैयारी में भी इसका विपरीत प्रभाव पडऩा तय है।
क्या है आदेश में
लोक शिक्षण संचालनालय से 13फरवरी को जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुये विद्यालय के खेल मैदानों में किसी भी प्रकार की गतिविधियां संचालित न की जाएं। फरवरी माह में कक्षा 11 वीं व 9वीं की परीक्षाएं संचालित हो रही है। इसके बाद मार्च माह में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जानी है। ऐसे समय में यदि विद्यालय के खेल मैदान में किसी भी प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं या फिर अन्य कोई आयोजन होते हैं तो छात्रों की एकाग्रता भंग होगी। जिससे परीक्षा प्रभावित होगी। छात्रों का ध्यान भंग न हो और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार का व्यवधान न हो इसे ध्यान में रखते हुए फरवरी व मार्च माह में कोई भी खेल गतिविधियां या फिर आयोजन न किए जाएं।
इन्होंने दर्ज कराया था विरोध
बुढ़ार में प्रारंभ हुई इस प्रतियोगिता को लेकर पूर्व में ही स्थानीय निवासी रतन सोनी द्वारा विरोध दर्ज कराया गया था। मामले को लेकर श्री सोनी द्वारा कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी। जिसमें छह बिन्दुओं पर ध्यान आकृष्ट कराते हुये इस कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की थी। इतना ही नही इस मामले को लेकर उनके द्वारा मुख्यमंत्री हेल्प लाईन में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बाद भी इसे नजर अंदाज करते हुये यह प्रतियोगिता प्रारंभ कर दी गई। बताया जा रहा है कि जिस मैदान में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है वह विद्यालय का ही खेल मैदान है। यजह बात अलग है कि मैदान में निर्माण कार्य व अन्य विकास कार्य नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे हों।
Published on:
19 Feb 2018, 8:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.