
ahmedabad
गुजरात।नवरात्र महोत्सव के शुरुआत से ही खेलैयाओं के लिए बारिश रोड़ा बन रही है। राज्य के विविध भागों में बुधवार को भी बारिश यथावत रही। अहमदाबाद समेत अनेक भागों में हुई बारिश के चलते गरबा प्रेमी एक बार फिर मायूस दिखे। दूसरी ओर, मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को भी विविध इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
अहमदाबाद शहर में मंगलवार शाम से लेकर बुधवार शाम तक औसतन एक इंच बारिश हुई है। इसके बाद रात को भी रुकरुक कर बारिश हुई। जिससे गरबा प्रेमी काफी निराश लगे। शहर के उत्तर जोन में सर्वाधिक डेढ़ इंच बारिश हुई जबकि सबसे कम नए पश्चिम जोन में नौ मिलीमीटर हुई। शहर में अब तक मौसम की करीब 22 इंच (558 मिलीमीटर) बारिश हुई है। इन दिनों हो रही बारिश के कारण साबरमती का जलस्तर भी बढ़ा है। वासणा बैरेज के दो दरवाजे एक से दो फीट तक खोले गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अहमदाबाद समेत गुजरात रीजन, सौराष्ट्र, कच्छ एवं दीव, दमण, दादरा नागर हवेली में गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश होने की संभावना है।
नदियां उफान पर
जामनगर. सौराष्ट्र में पिछले दिनों से हो रही बारिश के कारण कई नदियां उफान पर रहीं, जिसके कारण चार जलाशय ओवरफ्लो हो गए। कालावाड के निकट मूळी गांव के निकट नदी में एक व्यक्ति के बहने की खबर है। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की टीम ने तलाश शुरू की है लेकिन युवक नहीं मिला। लालपुर तहसील के हरिपर गांव के निकट नदी में मंगलवार रात को एक वाहन फंस गया। ग्रामीणों ने इस वाहन में सवार दो युवकों को बचा लिया। सौराष्ट्र की कई नदियां उफान पर हैं। बांधों में जलस्तर और बढ़ गया है। यहां के रुवटी फूलजर, सासोई, उमियासागर और पन्ना जलाशय ओवरफ्लो हो गए हैं।
कुतियाणा में सात इंच
पोरबंदर. जिले की कुतियाणा तहसील में मंगलवार से बुधवार तक सात इंच से अधिक बारिश हुई है। पोरबंदर शहर में डेढ़ इंच तक बारिश हुई जबकि कुतियाणा में 180 मिलीमीटर बारिश हुई। अन्य कई जगहों पर भी मूसलाधार बारिश हुई है। बारिश के कारण गरबा आयोजक परेशान हैं।
धानेरा में तीन इंच
पालनपुर. बनासकांठा जिले के धानेरा में बुधवार सुबह से लेकर शाम तक तीन इंच से अदिक बारिश हुई है। जिसकी वजह से यहां के निचले इलाकों में पानी भर गया। पिछले चार दिनों से यहां हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण कुछ फसलों को लेकर जहां किसान चिन्तित हैं वहीं गरबा स्थलों में कीचड़ को लेकर खेलैया निराश हैं। बुधवार को जिले के कई भागों में तेज हवा के साथ बारिश भी हुई।
दीवार गिरने से बालिका की मौत
जूनागढ़. जिले की वंथली तहसील के सांतलपुर गांव में बारिश के दौरान मंगलवार रात को झोपड़ी की दीवार गिरने से ढाई महीने की बालिका की मौत हो गई।
सांतलपुर गांव निवासी राजूभाई बाबूभाई परिवार के साथ अपने घर में सो रहे थे। इस दौरान मंगलवार रात को तेज बारिश के कारण दीवार गिरने से उनकी ढाई महीने की पुत्री ट्विंकल की मौत हो गई, जबकि राजूभाई जख्मी हो गए।
विसावदर-मालियाहाटीना में भी भारी बारिश : जूनागढ़ जिले के कई जगहों पर मंगलवार से बुधवार तक पांच इंच तक बारिश हुई है। विसावदर एवं मालियाहाटीना में सर्वाधिक बारिश हुई है। बुधवार को जिले के कुछ भागों में निचले इलाकों में पानी भरने से लोग परेशान हुए।
किसानों ने जताई चिन्ता
महेसाणा. महेसाणा समेत उत्तर गुजरात मेंं पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से किसानों ने चिन्ता जताई है। किसानों का मानना है कि कुछ फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक भी है। कुछ फसलों में काफी नुकसान भी हो सकता है। बारिश के कारण धरोई बांध के दो दरवाजा खोलने पड़े हैं। बांध से सत्रह सौ क्यूसेक पानी छोटा जा रहा है। शाम को बारिश होने के कारण गरबा खेलैया निराश हैं। जिले के बहुचराजी, जोटाणा, कडी, खेरालू, मेहसाणा, सतलासण, ऊंझा, वडनगर व वीजापुर में बूंदाबांदी से लेकर डेढ़ इंच तक बारिश हुई है।
हालोल में भी बारिश रुकने का इंतजार
हालोल. हालोलवासियों को भी गरबा खेलने के लिए बारिश रुकने का इन्तजार है। बारिश के कारण लोग गरबा नहीं खेल सके हैं, जिसका वे एक वर्ष से इन्तजार कर रहे थे। मैदान और गरबा स्थलों पर कीचड़ है जिससे लोग चाहकर भी गरबा नहीं खेल सकते हैं। गरबाप्रेमियों में ही नहीं, गरबा आयोजकों में भी बारिश को लेकर निराशा है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.