27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Gujarat / Ahmedabad / ग्रामीण उद्यमियों एवं स्थानीय व्यवसायों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में डाक विभाग की भूमिका अहम : सावळेश्वरकर

ग्रामीण उद्यमियों एवं स्थानीय व्यवसायों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में डाक विभाग की भूमिका अहम : सावळेश्वरकर

अहमदाबाद. भारतीय डाक विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय डाक एवं लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार, निर्यातकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्राहकों को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने…
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

Newsdesk

•

Updated: 27 Nov 2026, 4:42 PM IST

Ahmedabad News

अहमदाबाद. भारतीय डाक विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय डाक एवं लॉजिस्टिक्स सेवाओं के विस्तार, निर्यातकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्राहकों को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अहमदाबाद में राज्य स्तरीय निर्यातक सम्मेलन (एक्सपोर्टर मीट) का आयोजन किया गया।

पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वड़ोदरा, राजकोट, भावनगर सहित तमाम शहरों के प्रमुख निर्यातकों, विभिन्न ट्रेड व बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारीगण और डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।

गुजरात में 57 डाकघर निर्यात केंद्र स्थापित

गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि ग्रामीण उद्यमियों एवं स्थानीय व्यवसायों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में डाक विभाग की अहम भूमिका है। वाणिज्यिक निर्यात को बढ़ावा देने और निर्यातकों को सरल एवं एकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुजरात में 57 डाकघर निर्यात केंद्र स्थापित किए गए हैं। गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों के शाखा डाकघरों के माध्यम से चालू वर्ष में 5 हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुक किए जा चुके हैं।

डाक निदेशालय, नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक हिमांशु चौधरी ने डाक विभाग द्वारा आरंभ की जा रही अंतरराष्ट्रीय सेवा ‘इंडिया पोस्ट ग्लोबल एक्सप्रेस’ के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सेवा के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय दस्तावेज़ों एवं पार्सलों की डिलीवरी मात्र 4 से 6 दिनों में सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।

गुजरात परिमंडल में अंतरराष्ट्रीय डाक व पार्सल सेवाओं में 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी : यादव

गुजरात परिमंडल के पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि देश की जीडीपी में गुजरात लगभग 8.5% तथा कुल निर्यात में लगभग 25% का योगदान देता है। गुजरात परिमंडल ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान अंतरराष्ट्रीय डाक एवं पार्सल सेवाओं में पिछले वर्ष की अपेक्षा 70% की वृद्धि दर्ज की है।

संयुक्त महानिदेशक (विदेश व्यापार) डॉ. राहुल सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय डाक एवं पार्सल सेवाओं के माध्यम से छोटे उद्यमी भी अपने उत्पादों को विदेशों में ग्राहकों तक पहुंचा सकते हैं। गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हितेन वसंत ने उद्योग जगत एवं भारतीय डाक विभाग के बीच सहयोग को और सुदृढ़ बनाने तथा गुजरात के अधिकाधिक उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय निर्यात से जोड़ने की अपील की।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स के जयप्रकाश गोयल ने कहा कि भारतीय डाक विभाग अपनी व्यापक पहुंच एवं अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अहमदाबाद कस्टम्स ब्रोकर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दर्शन मशरू ने कहा कि निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए सरल कस्टम्स प्रक्रियाएं एवं सुगम लॉजिस्टिक्स व्यवस्था अत्यंत आवश्यक हैं।