पाटण. जिले की राधनपुर तहसील के शेरगढ़ गांव में घर में घुसकर युवती पर हमला और अहमदाबाद जिले की धंधुका तहसील के मोढवाडा इलाके में गोली मारकर किशन भरवाड़ की हत्या करने के विरोध में शनिवार को पाटण जिले का राधनपुर बंद रहा।
समस्त हिंदू समाज के सागर चौधरी के अनुसार शुक्रवार को हुई बैठक में दोनों घटनाओं के विरोध में राधनपुर बंद की घोषणा की गई थी। इसी के अनुरूप शनिवार को राधनपुर में दुकानें, गंज बाजार, सब्जी के ठेले, समेत समस्त बाजार बंद रहे। राधनपुर व शेरगढ़ गांव में पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया।
राधनपुर के आदर्श विद्यालय में शनिवार सुबह रैली आयोजित की गई। शेरगढ़ गांव की हेतलबेन चौधरी पर घर में घुसकर किए गए हमले के चलते क्षेत्र के पूर्व विधायक शंकर चौधरी, बनास बैंक के चेयरमैन अणदाभाई चौधरी, डीसा के विधायक शशिकांत पंड्या, पूर्व विधायक लविंगजी ठाकोर आदि इस रैली में शामिल हुए।
इनके अलावा अहमदाबाद जिले की धंधुका तहसील के मोढवाडा इलाके में गोली मारकर किशन भरवाड़ की हत्या के चलते भरवाड़ समाज के लोगों के साथ ठाकोर समाज के नेता अल्पेश ठाकोर समेत समाज के लोग भी रैली में शामिल हुए। उसके बाद उपखंड मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई।
पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने कहा कि दोनों घटनाओं के कारण लोगों में रोष व्याप्त है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की लोगों की भावना है। एक टीम गठित कर गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी से मुलाकात कर आरोपियों को उदाहरण समान सजा दिलाने की मांग की जाएगी।