
अजमेर पत्रिका. अमरनाथ यात्रा के लिए गूगल पर बुकिंग करवाना एक युवक को भारी पड़ गया। बुकिंग करवाने के नाम पर शातिर ठग ने युवक के बैंक खाते से दो लाख रुपए की रकम ट्रांसफर कर ली। मामले में पीडित ने शुक्रवार शाम साइबर थाने मुकदमा दर्ज करवाया।
जानकारी अनुसार दिलीप (बदला हुआ नाम) ने शिकायत में बताया कि उसने अमरनाथ यात्रा की बुकिंग के लिए गूगल पर सर्च किया। गूगल पर मिले नम्बर पर सम्पर्क करने पर शातिर ने एनी डेस्क एप डाउनलोड करा फोन पे से 5 रुपए ट्रांसफर कराए। फोन-पे से ट्रांसफर के दौरान मोबाइल फोन हैक कर उसके पीएनबी के बैंक खाते से तीन बार में एक लाख 98 हजार 175 रुपए की ऑनलाइन निकासी कर ली।
सजगता ही बचाव
- बैंकिंग पासवर्ड बनाते समय बरतें सावधानी।
- अनजान लिंक पर नहीं करें क्लिक।
- सत्यापित बैंकिंग एप का ही इस्तेमाल करें।
- पब्लिक वाईफाई व साइबर कैफे से ट्रांजेक्शन नहीं करें ।
- गूगल पर कस्टमर केयर को सर्च ना करें।
- एनी डेस्क जैसी एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करें।
- बैंकिंग यूपीआई नंबर किसी से शेयर नहीं करें।
- बैंकिंग लेनदेन में ओटीपी शेयर नहीं करें।
Updated on:
13 May 2023, 12:12 PM IST
Published on:
13 May 2023, 11:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.