
रोडवेज बस में बिना टिकट मिली 45 सवारियां
अजमेर. राजस्थान पथ परिवहन निगम में अनुबंध के तहत चल रही बसों में अब तक चालक के दुव्र्यवहार, शराब पीकर गाड़ी चलाने की शिकायतें ही सामने आ रही थी। लेकिन अब एक ऐसा मामला पकड़ में आया है जिससे रोडवेज को करीब पांच हजार का नुकसान उठाना पड़ गया है। मामला पकड़ में आने के बाद अब रोडवेज प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो माह पूर्व अजमेर आगार की अनुबंधित बस अजमेर से दिल्ली जा रही थी। यह बस बहरोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद बस को जयपुर लाया गया। यहां बस की मरम्मत आदि के बाद सोमवार को चालक अनुबंधित बस को जयपुर से अजमेर लेकर आ रहा था। उसने जयपुर के 200 फीट बाइपास पर बस में 45 सवारियां बैठा ली। इसमें 23 अजमेर तथा 22 किशनगढ़ की सवारियां थी। चालक ने किसी भी टिकट नहीं दिया लेकिन राशि वसूल ली। मामले की जानकारी मिलने पर अजमेर से रोडवेज के अधिकारी किशनगढ़ पहुंचे और बस को रोका तो एक भी सवारी के पास टिकट नहीं मिला इस पर चालक के खिलाफ रिमार्क लगा गया। अब इस मामले में रोडवेज अनुबंधित कम्पनी के खिलाफ कार्रवाई करेगा। जुमार्ना भी लगाया जाएगा।
Published on:
25 Sep 2019, 5:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.