
अजमेर के तारागढ़ पहाड़ी पर बड़े पीर के चिल्ले के कच्चे रास्ते पर हुए हत्याकांड का दरगाह थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया। नशे का सेवन करते वक्त हुई कहासुनी और मारपीट के दौरान आरोपी और उसके साथी ने हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
तारागढ़ पहाड़ी पर बड़े पीर की दरगाह के कच्चे रास्ते पर मंगलवार को फकीर दिव्यांग का शव दो प्लास्टिक के कट्टे में रस्सियों से बंधा हुआ मिला था। पुलिस जांच में मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट पाई गई। शव के पास लोहे की एक बड़ी रॉड भी मिली थी।
पहले कहासुनी, फिर हत्या
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि दरगाह थाना पुलिस ने वार्ड नंबर-सात पुल्हाभंगी थाना नरपतगंज जिला अररिया बिहार व हाल बड़ा पीर का चिल्ला तारागढ़ निवासी दिव्यांग मोहम्मद जाबिर को डिटेन कर की गई पूछताछ में उसने वारदात कबूली। रविवार मध्य रात्रि को सीपाह इब्राहिमाबाद उत्तर प्रदेश निवासी इस्लाम उर्फ इम्तियाज पुत्र अब्दुल सत्तार के साथ उसकी कहासुनी हुई। जाबिर ने गुस्से में इम्तियाज का सिर पास की चबूतरी पर दे मारा और गला दबा दिया। बाद में आरोपी और उसके साथी बाबा ने पत्थर मारकर हत्या कर दी। प्लास्टिक के दो कट्टे में बांधकर शव को तारागढ़ पहाड़ी पर फेंक दिया।
यह भी पढ़ें : पहाड़ी पर प्लास्टिक के कट्टे में बंधी मिली लाश, पास ही मिली लोहे की रॉड, पुलिस को देख भागा संदिग्ध
खंगाल रहे आपराधिक रिकॉर्ड
दरगाह थाना पुलिस आरोपी मोहम्मद जाबिर का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है। आरोपी ने पुलिस को चकमा देने और बातों में उलझाने का काफी प्रयास किया।
ईको डॉग की रही अहम भूमिका
सीआईडी के डॉग स्क्वॉड में शामिल श्वान ईको ने मामले में अहम भूमिका निभाई। घटनास्थल पर मौका-मुआयने के दौरान ईको आरोपी मोहम्मद जाबिर के आसपास घूमकर उसे ही सूंघता रहा। ईको के हैंडलर कांस्टेबल कालूराम और पुलिस ने सुराग को अहम मानते हुए जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें : रेलवे स्टेशन परिसर में सो रहे 1 महीने के बच्चे पर चढ़ाई कार, मौके पर ही मौत, वहीं बैठकर रोने लगा पिता
इलाके में आपराधिक गतिविधियां
बड़े पीर की दरगाह-तारागढ़ जाने वाला कच्चा मार्ग, अंदरकोट-जालियान कब्रिस्तान से सटे इलाके आपराधिक गतिविधियां का गढ़ बन गए हैं। अफीम, गांजा, हेराइन, एमडी ड्रग, अवैध शराब, जुए-सट्टे का कारोबार, पहाड़ों पर अतिक्रमण जैसे मामले आए दिन होते हैं। पहाड़ी इलाका होने से पुलिस भी आसानी से नहीं पहुंच पाती है।
यह रहे टीम में शामिल
दरगाह थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद मीणा, एएसआई बनवारीलाल, हैड कांस्टेबल पप्पीराम, कांस्टेबल प्रेमाराम, जयनारायण, महावीर, मुकेश, जितेंद्र और अन्य।
Updated on:
28 Sep 2023, 11:39 AM IST
Published on:
28 Sep 2023, 11:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.