
ajmer lock down
अजमेर.
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते सोमवार से अग्नि परीक्षा शुरू हो गई है। 31 मार्च तक आवश्यक सेवाओं को छोडकऱ दुकानें, मॉल, बगीचे, रोडवेज, रेल सहित अन्य संसाधन बंद रहेंगे। अजमेर सहित पूरे प्रदेश में पांच से ज्यादा लोग एक साथ जमा नहं हो सकेंगे।
रविवार को जनता कफ्र्यू को शहर के बाजारों और सडक़ों पर सुबह से देर रात तक सन्नाटा दिखा था। सोमवार सुबह से ऐसा ही माहौल दिख रहा है। राजस्थान में 31 मार्च तक लॉक डाउन का आह्वान किया गया है। लिहाजा अजमेर में भी सडक़ों पर चहल-पहल नहीं है। हमेशा चहल-पहल से आबाद रहने वाले रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर कोई भीड़ नहीं है। ऑटोरिक्शा, सिटी बस, ई-रिक्शा, सिटी कैब भी नहीं चल रही हैं।
शास्त्री नगर, लोहागल रोड, पुलिस लाइन, वैशाली नगर इलाके में अधिकांश दुकानें बंद हैं। केवल दूध डेयरी और मेडिकल शॉप ही खुली हैं। नया बाजार, पुरानी मंडी, मदार गेट, स्टेशन रोड इलाकों दुकानों के शटर बंद हैं। सुबह-सुबह लोग दूध, ब्रेड और आवश्यक सामान खरीदने निकलते दिखे हैं। शास्त्री नगर, आदर्श नगर, जयपुर रोड, धौलाभाटा, बिहारीगंज, प्रकाश रोड, नसीराबाद रोड,श्रीनगर रोड, मेयो लिंक रोड, फायसागर-पुष्कर रोड क्षेत्र में भी कमोबेश यही हाल है।
चाय की थडिय़ों पर ताले
शहर में जगह-जगह प्रमुख सडक़ों, अंदरूनी इलाकों, दफ्तरों के आसपास आबाद रहने वाली चाय की थडिय़ों पर ताले लटके हैं। गुटखे-बीड़ी-सिगरेट, कचौरी-समोसे की दुकानें-ठेले, मिठाइयों की दुकानें भी बंद हैं। कई दवा की दुकानों पर सेनिटाइजर, मास्क खत्म हो गए हैं। लोगों ने नीम की पत्तियों, कपूर, नींबू और अन्य वस्तुएं से घरेलू सेनिटाइजर भी बनाए हैं।
घरों में पूजा-अर्चना-दुआ
शहर के आगरा गेट गणेश मंदिर, बजरंगगढ़ बालाजी मंदिर, अम्बे माता मंदिर, मदार गेट बालाजी मंदिर और अन्य मंदिरों में सिर्फ पुजारियों ने सुबह पूजा-अर्चना की। लोग घरों में ही पूजन करने में जुटे हैं। सोमवार सुबह ख्वाजा साहब की दरगाह में भी चुनिंदा खादिमों ने दुआ की। शहर के चर्च में पादरियों ने प्रेयर और गुरुद्वारों में ग्रंथियों ने अरदास की।
Published on:
23 Mar 2020 08:03 am
