
बड़ा कुल और जुमे की नमाज कल, कई जायरीन डटे
अजमेर. ख्वाजा साहब के 810वें उर्स में शुक्रवार को बड़े कुल की रस्म अदा की जाएगी। बड़े कुल की रस्म और जुमे की नमाज में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में जायरीन यहां ठहरे हुए हैं। वहीं जायरीन के पहुंचने का सिलसिला भी बना हुआ है।
अंजुमन के सह सचिव मुसब्बीर हुसैन ने बताया कि बड़े कुल की रस्म में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे खादिम समुदाय मजार शरीफ पर गुलाबजल और केवड़े से गुस्ल देंगे, इत्र, चंदन आदि पेश किए जाएंगे। इस दौरान जायरीन आस्ताना के बाहर दरगाह के विभिन्न स्थानों की गुलाबजल से धुलाई करेंगे। गुस्ल का पानी व संदल जायरीन को तबर्रुक के रूप में बांटा जाता है। रस्म के दौरान करीब 1 घंटे आस्ताना शरीफ आम जायरीन के लिए बंद रहेगा। दोपहर 1.30 बजे जुमे की नमाज अदा की जाएगी।
दरगाह कमेटी ने अदा किया शुक्रिया
दरगाह कमेटी की बैठक बुधवार को चेयरमैन अमीन पठान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इसमें जिला प्रशासन सहित सभी सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों व दानदाताओं का आभार व्यक्त किया गया जिन्होंने उर्स के दौरान सौहाद्र्ध पूर्ण माहौल में अपना सहयोग दिया। बैठक में नायब सदर मुनव्वर खान, सदस्य सैयद बाबर अशरफ, सैयद शाहिद हुसैन रिज़्वी, सपात खान, कासिम मलिक, जावेद पारेख और नाजि़म शादां जैब खान उपस्थित रहे।
मुंबई से आई चादरें
ख्वाजा साहब के 810वें उर्स के अवसर पर मख्दूम माहिमी, हाजी अली दरगाह, मुंबई कलक्टर, कमीश्नर रेलवे और दिगर फलाही अंजुमनों की तरफ से चादर पेश की गई। इस मौके पर दरगाह कमेटी के सदर अमीन पठान सहित सुहैल खंडवानी, जावेद पारेख आदि मौजूद रहे।
Published on:
10 Feb 2022, 2:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.