
स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास में लाने होंगे आकांक्षात्मक परिवर्तन : केन्द्रीय प्रभारी सचिव,स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास में लाने होंगे आकांक्षात्मक परिवर्तन : केन्द्रीय प्रभारी सचिव
धौलपुर. नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिले के स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, विद्युत तथा वित्तीय समावेश एवं कौशल विकास आदि में निर्धारित प्रगति हासिल करने के लिए केन्द्रीय प्रभारी संयुक्त सचिव ग्रामीण विकास विभाग रोहित कुमार की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक हुई। इस दौरान प्रभारी सचिव ने नीति आयोग के आशान्वित जिला कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों से संबंधित इन्डीकेटर्स पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों द्वारा अपने दायित्वों को पूर्ण जिम्मेदारी से निभाते हुए जिले को मुख्यधारा में लाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। जिले को स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा और कृषि, कौशल विकास के क्षेत्रों में अधिक विकसित करने के लिए आकांक्षात्मक परिवर्तन लाने होंगे। कहा कि सभी यह सुनिश्चित करें कि केवल सॉफ्टवेयर पर प्रगति बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन पोर्टल पर किसी भी प्रकार की गलत सूचना इन्द्राज ना हो।बैठक में जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने सभी विभागों से सम्बन्धित कार्यक्रमों में अब तक अर्जित प्रगति के बारे में बिन्दुवार अवगत कराया। इस दौरान प्रभारी सचिव ने गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव करवाने के लिए प्रोत्साहित करने तथा कम वजन वाले कुपोषित बच्चों को महिला बाल विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर उचित पोषण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी चेतन चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोपाल प्रसाद गोयल, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी भूपेश गर्ग, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश गर्ग, मुख्य आयोजना अधिकारी अशोक शर्मा, अग्रणी बैंक अधिकारी अशोक यादव सहित सम्बंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
22 Apr 2022, 1:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.