
मुहुर्त से पहले ही विवाह की रस्में निभाते दुल्हन को हुई आशंका, ससुराल जाकर पांच घंटे बाद पीहर लौटी तो भाई की अर्थी देख हुई बेसुध
चिड़ावा/बगड़. झुंझुनूं-लुहारू रोड पर नूनियां गोठड़ा के पास सडक़ हादसे के शिकार जीजा-साले का सोमवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इनकी मौत के बाद परिजन को बड़ी मुश्किल से संभाला गया। सोमवार को जिस घर से दुल्हन बनी दो बेटियों की डोली उठी। उसी घर से करीब पांच घंटे बाद बेटे की अर्थी रवाना हुई तो परिजन का कलेजा फट सा गया। नाते-रिश्तेदार व गांव वालों की आंखें नम हो गई।
राहुल व उसके जीजा विक्रम सिंह की मौत
रविवार दोपहर मानोता जाटान हाल वार्ड नं. आठ, चिड़ावा निवासी अवधेश कुमार का पुत्र राहुल (19) अपने जीजा सूरजगढ़ निवासी विक्रम सिंह (23) व दोस्त मानोता जाटान हाल चिड़ावा निवासी मनजीत के साथ बहन के ससुराल भूरासर का बास में प्रीतिभोज में शामिल होने जा रहा था। नूनियां गोठड़ा के पास स्कूटी चालक को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार राहुल व उसके जीजा विक्रम सिंह की मौत हो गई। वहीं दोस्त मनजीत सिंह गंभीर घायल हो गया।
सुबह पांच बजे ही सात फेरे व अन्य रस्मे निभाई
उधर, राहुल की सगी बहन पिंकी और चचेरी बहन पूजा की चिड़ावा में उनके घर सोमवार शाम दो अलग-अलग गांवों से बारात आनी थी। मगर पिंकी के भाई राहुल और जीजा विक्रम की मौत होने के चलते दोनों पक्ष के मौजिज लोगों की उपस्थिति में सुबह करीब पांच बजे ही सात फेरे व अन्य रस्मे निभाई गई। मृतक राहुल का चिड़ावा तथा विक्रम का सूरजगढ़ में अंतिम संस्कार किया गया।
आनन-फानन में करवाई शादी
सडक़ हादसे में दुल्हन के भाई और जीजा की मौत होने के बाद सोमवार सुबह आनन-फानन में शादी की रस्मों को पूरा किया गया। वार्ड नं. आठ में अधवेश कुमार के घर पर बेटी पिंकी और भाई की पुत्री पूजा की साधारण तरीके से शादी की गई। इसमें ससुराल पक्ष भूरासर का बास और सोलाना से दुल्हों के साथ आठ-दस लोग ही आए। पुरुषों ने राहुल व उसके जीजा की मौत की बात महिलाओं से छिपाए रखी। उधर, समय से पहले फेरे होते देखकर पिंकी, पूजा और घर की महिलाओं को अनहोनी की आशंका हुई। इस पर घर के सदस्यों ने कोरोना व अन्य का बहाना बनाकर आनन-फानन में शादी कराकर बारात को विदा कर दिया।
भाई की अर्थी देखकर बहन हुई बेसुध
राहुल की सगी बहन पिंकी और चचेरी बहन पूजा को आनन-फानन में फेरों के बाद ससुराल भेज दिया गया। इस बीच परिवार के मौजिज लोगों ने राहुल और विक्रम के पोस्टमाट्र्म की प्रक्रिया को पूर्ण कराया। बाद में दोनों ही बेटियों को सोमवार करीब दस बजे वापस घर लाया गया, जहां घर की दहलीज पर भाई की अर्थी देखकर बहन पिंकी बेसुध हो गई। इसे परिजन ने बड़ी मुश्किल से उसे संभाला। राहुल की मां कमलेश देवी भी बार-बार अचेत होती रही।
बहन की शादी में खुश था राहुल
सगी बहन पिंकी और चचेरी बहन पूजा की शादी को लेकर राहुल काफी खुश था। वह शादी के कार्यों को खुशी-खुशी कर रहा था। भूरासर का बास जाने से पहले घरवालों का जल्दी लौटने की कहकर गया था। मगर हादसे के बाद राहुल जिंदा नहीं लौट पाया।
झुंझुनंू और चिड़ावा में पोस्टमाट्र्म
हादसे के शिकार हुए राहुल का चिड़ावा सीएचसी में तथा विक्रम का झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में पोस्टमाट्र्म करवाया गया। बगड़ पुलिस ने परिजनों से पर्चा बयान दर्ज किए। उधर, हादसे में घायल मनजीत का जयपुर में उपचार चल रहा है।
Published on:
15 Mar 2021 11:56 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
