
Congress MLA agitation
अजमेर.
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर विधायक धीरज गुर्जर ने हजारों समर्थकों के साथ पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज कार्यालय का घेराव किया। गुर्जर ने आईजी बीजू जोर्ज जोसफ को दिए ज्ञापन में भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक की ओर से उनके छोटे भाई व कोटड़ी प्रधान पति नीरज गुर्जर व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेषतापूर्वक कार्रवाई का आरोप लगाया।
विधायक गुर्जर ने बताया कि भीलवाड़ा पुलिस ने उसके छोटे भाई नीरज गुर्जर को गत 7 सितम्बर को रात 11.30 बजे गाड़ी रोककर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी ऐसे स्टैंडिंग वारंट पर की गई जिस पर एक साल पहले कोर्ट नीरज गुर्जर को बरी कर चुकी थी। भीलवाड़ा एसपी को सभी तर्क दिए जाने के बाद भी पुलिस ने बदसलूकी की।
गुर्जर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के दबाव में भीलवाड़ा पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दंडात्मक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की गोलियां और लाठियां कम पड़ जाएंगी, लेकिन भीलवाड़ा पुलिस का रवैया नहीं सुधरा तो कांग्रेस का कार्यकर्ता सडक़ पर उतरेगा।
इससे पूर्व आईजी कार्यालय के बाहर किए गए प्रदर्शन में पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर, पूर्व विधायक सारड़ा कैलाश त्रिवेदी, पूर्व विधायक आंसीद हगामीलाल, भीलवाड़ा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा, अजमेर कांग्रेस देहात उपाध्यक्ष सौरभ बजाड़, नौरत गुर्जर, हरिसिंह गुर्जर ने भाजपा सरकार की नीतियों पर कटाक्ष किया। ज्ञापन देने वालों में पीसीसी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता, देहात अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़, पूर्व विधायक श्रीगोपाल बाहेती आदि शामिल थे।
गौरव यात्रा का विरोध
विधायक गुर्जर ने कहा कि 28 सितम्बर को मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा भीलवाड़ा आएगी। इसका जहाजपुर के कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्याक्ष रामपाल शर्मा के नेतृत्व में विरोध करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिए भाषण में कहा कि उन्हें आईजी जोसफ पर विश्वास है। वे निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।
जहाजपुर विधायक ने भाई की गिरफ्तारी के खिलाफ ज्ञापन दिया है। पुलिस कार्रवाई जानबूझ कर फंसाने के इरादे से नहीं की गई होगी। विधायक धीरज गुर्जर ने कुछ मुद्दे भी बताए हैं। रेंज कार्यालय स्तर पर पड़ताल की जाएगी गलती हुई तो सुधार किया जाएगा। द्वेषतापूर्ण कार्रवाई सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
बीजू जोर्ज जोसफ, आईजी, अजमेर रेंज
Published on:
16 Sep 2018, 6:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.