30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कनेक्शन हुए, बिल भी आ रहा लेकिन, पानी नदारद

- विडंबना: बाड़ी रोड स्थित न्यू आदर्श नगर कॉलोनीवासियों का दर्द - करीब दो साल से परेशानी भुगत रहे लोग शहर में बाड़ी रोड स्थित न्यू आदर्श नगर कॉलोनी के बाशिंदे करीब दो साल से लालफीताशाही का दंश झेल रहे हैं। कॉलोनी में जलदाय विभाग ने करीब दो साल पहले नई पाइप लाइन के कनेक्शन दे दिए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

Dilip Sharma

•

Updated: 11 Jun 2022, 1:34 AM IST

कनेक्शन हुए, बिल भी आ रहा लेकिन, पानी नदारद

कनेक्शन हुए, बिल भी आ रहा लेकिन, पानी नदारद

धौलपुर. शहर में बाड़ी रोड स्थित न्यू आदर्श नगर कॉलोनी के बाशिंदे करीब दो साल से लालफीताशाही का दंश झेल रहे हैं। कॉलोनी में जलदाय विभाग ने करीब दो साल पहले नई पाइप लाइन के कनेक्शन दे दिए। इस कनेक्शन का पानी का बिल भी लोगों को मिल रहा है लेकिन, विडंबना इस बात की है कि इन कनेक्शन में अभी तक लोगों को पानी नहीं मिला है। दो साल से लोग नलों में से आ रही हवा का बिल भरने को मजबूर हैं। इस संबंध में कॉलोनीवासियों ने जलदाय विभाग सहित प्रशासन के समक्ष भी अपनी परेशनी रखी है लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आक्रोशित लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

यह है मामला

कॉलोनी में पूर्व में पुराने नल कनेक्शन थे। बाद में जलदाय विभाग ने नई पाइप लाइन डाली और नए कनेक्शन घरों में दिए। कॉलोनी में जल-जीवन मिशन के तहत भी कनेक्शन दिए गए हैं। इस तरह कॉलोनी के हर घर में नल का कनेक्शन तो है लेकिन, पानी नहीं है। इन नलों से कॉलोनी के लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। ऐसे में लोग परेशान है।

भीषण गर्मी में लोग परेशान
धौलपुर में इन दिनों तापमान 46-47 डिग्री के आसपास चल रहा है। ऐसे में लोगों को पानी की जरूरत भी अधिक महसूस हो रही है लेकिन, कॉलोनी में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। कुछ घरों ने अपने स्तर पर सबमर्सिबल करा रखे हैं। इन्हीं सबसर्मिबल से लोगों को पानी मिल पा रहा है।

रंग उड़ा रहा सबमर्सिबल का पानी

स्थानीय निवासियों गम्भीर सिंह परमार, सुरेन्द्र सिंह परमार, उमेश लवानियां, दाऊ दयाल शर्मा, राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, चन्द्रशेखर शर्मा, हरिमोहन शर्मा, हमीर सिंह परमार, हरिओम सिंह परमार ने बताया कि कॉलोनी में कराए सबमर्सिबल के पानी में फ्लोराइड की मात्रा अधिक है। ऐसे में यह पानी लोगों को बीमार कर रहा है। वहीं, इस पानी के उपयोग से कपड़ों का रंग भी एक-दो धुलाई में उड़ जाता है।

बिल तभी जब पानी मिले

स्थानीय निवासी अरुण शर्मा, अशोक सिंह परमार, हरेश लवानियां, उदयवीर सिंह भदौरिया, कृष्ण मुरारी गुर्जर, ब्रजेश उपाध्याय, प्रद्युम्न जादौन, केशव देव पचौरी, लोकेन्द्र चौहान और हेमन्त मीणा ने बताया कि जलदाय विभाग बिना पानी के लगातार बिल भेज रहा है। कॉलोनी के अधिकतर लोग बिलों का विरोध करते हुए पैसे जमा नहीं करा रहे हैं। इस बारे में विभाग के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई है लेकिन, कोई समाधान नहीं हो रहा है।