
jewellery
अजमेर. कोरोना वायरस के चलते अजमेर में ज्वैलरी कारोबार पर जबरदस्त असर पड़ा है। नया बाजार, पुरानी मंडी स्थित ज्वैलरी की दुकानों पर सन्नाटा पसरा है। कारोबारियों ने पिछले तीन-चार दिन में 60 प्रतिशत तक कारोबार प्रभावित बताया है।
शहर में सर्राफा व्यावसाइयों की सौ से ज्यादा दुकानें हैं। इनमें करीब 3-4 करोड़ का कारोबार प्रतिदिन होता है। जबकि दिवाली पर्व पर यह कारोबार 5 से 10 करोड़ तक पहुंच जाता है। कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी सतर्कता के बाद से कारोबार पर असर पडऩे लगा है। नया बाजार, पुरानी मंडी में कारोबार सर्वाधिक होता है। यहां ज्वैलर्स की दुकानें पर ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है।
अजमेर सर्राफा संघ के अध्यक्ष अशोक बिंदल ने बताया कि मार्च के शुरुआत में वैवाहिक समारोह के चलते सोने, चांदी और डायमंड ज्वैलरी का कुछ कारोबार हुआ था। 15 मार्च के बाद तो ज्वैलरी कारोबार पर काफी असर पड़ा है। 60 प्रतिशत से ज्यादा कारोबार प्रभावित हो चुका है। सचिव सुशील वर्मा ने बताया कि आम दिन में ज्वैलरी कारोबार रुटीन में चलता है। खासतौर पर शादी-समारोह और अन्य अवसरों पर लोग आभूषण खरीदते हैं। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते लोग बाजारों में घूमने-खरीदने में एहतियात बरत रहे हैं।
मांगे व्यापारियों से सुझाव
बिंदल ने बताया कि अजमेर सर्राफा संघ ने व्यापारियों से सुझाव भी मांगे हैं। इसमें दुकानें सुबह 11 से 7 बजे तक खोलने का प्रस्ताव मिला है। इसके अलावा कारोबारियों ने बाजार में सुरक्षा इंतजाम, उचित चिकित्सा बंदोबस्त, सेनिटाइजर, मास्क की व्यवस्था के सुझाव भी दिए हैं। कारोबारियों ने ऑनलाइन कारोबार का सुझाव भी दिया है।
Published on:
21 Mar 2020 08:29 am
