
Exam Result
अजमेर. केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में शामिल अभ्यर्थियों ने उत्तर कुंजी और स्कैन हुई ओएमआर पर आपत्तियां देने का काम पूरा कर लिया है। पिछले साल 30 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई थी। अभ्यर्थियों को अब बेसब्री से रिजल्ट का इंतजार है।
सीबीएसई के तत्वावधान में केंद्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा (सीटेट) कराई जाती है। करीब दो साल बाद यह परीक्षा बीती 9 दिसंबर को दो पारियों में कराई गई थी। बोर्ड ने उत्तर कुंजी और स्कैन हुई ओएमआर वेबसाइट पर अपलोड की गई।
अभ्यर्थियों से 30 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई। अभ्यर्थियों ने आपत्तियां देने के अलावा एक हजार रुपए शुल्क भी चुकाया। बोर्ड द्वारा कोई तकनीकी त्रुटि अथवा उत्तरों में कोई गलती मिलने पर संबंधित अभ्यर्थी को शुल्क लौटाया जाएगा। साथ ही इसकी सूचना वेबसाइट पर दी जाएगी।
रिजल्ट का है इंतजार
देश भर में सीटेट परीक्षा में करीब 5 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। इन्हें अब रिजल्ट का इंतजार है। सीटेट में उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के स्कूल में शिक्षक बनने के पात्र हो सकेंगे। सरकारी शिक्षक बनने के लिए उन्हें संबंधित राज्यों में शिक्षक पात्रता परीक्षा भी पास करनी होगी।
Published on:
3 Jan 2019, 8:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.