10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खतरे की घंटी…बचाइए हमारी नन्हीं सी गौरेया को, यह घर-आंगन से लगातार हो रही है गायब

अन्य पक्षी की तुलना में सबसे ज्यादा तादाद में पाया जाने वाला यह परिन्दा अब तेजी से कम हो रहा है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

raktim tiwari

•

Updated: 20 Mar 2018, 10:17 AM IST

danger on house sparrow

danger on house sparrow

उपेन्द्र शर्मा/अजमेर।

वो कौन इंसान होगा जो चिडिय़ा (गौरेया-हाउस स्पेरॉ) को नहीं जानता हो। हर घर-आंगन में फुदकने और चीं-चीं करने वाला यह नन्हा सा परिन्दा अब घरों से बेघर हो गया है। शहरों में तो यह अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है, हालांकि गांवों में फिर भी ठीक स्थिति में है। शेर-बाघ, हाथी, हिरणों को बचाने के लिए करोड़ों रुपयों के प्रोजेक्ट चल रहे हैं, लेकिन चिडिय़ा को बचाने के बारे में सरकारों के पास भी फुर्सत नहीं है।

पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार चिडिय़ा की संख्या को लेकर कोई विशेष शोध या गणना आदि नहीं होती है, लेकिन लंबे अर्से से पक्षियों पर अध्ययन करने के दौरान यह देखा जा रहा है कि किसी भी अन्य पक्षी की तुलना में सबसे ज्यादा तादाद में पाया जाने वाला यह परिन्दा अब तेजी से कम हो रहा है। ग्रामीण इलाकों, खेतों या शहरों के सीमांत इलाकों में इन्हें फिर भी ठौर और दाना-पानी मिल रहा है, लेकिन शहरों के मकानों में अब इसे बसने नहीं दिया जा रहा है।

क्या है प्रकृति में चिडिय़ा की भूमिका!

प्रकृति में हर जीव का महत्वपूर्ण किरदार है। चिडिय़ा फसलों और इंसानों की सेहत को नुकसान पहुंचाने वाले कीड़े, कीट, पतंगों को खाती है, जिससे उनकी संख्या नियंत्रित रहती है। वे फसलों को या इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचा पाते हैं। चिडिय़ा की संख्या में कमी होने से कीट-पतंगों की संख्या बढ़ती हैं, जिन्हें नियंत्रित रखने के लिए लाखों-करोड़ों रुपयों के रासायनिक दवाइयों, पेस्ट कन्ट्रोल सोल्युशन्स का उपयोग करना पड़ता है।

इनके छिड़काव से अनाज, फल, सब्जियां इंसानों की सेहत के लिए लाभदायक की बजाय हानिकारक हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त चिडिय़ा खुद भी चील, बाज, शिकरा जैसे पक्षियों का भोजन है। यह नहीं हों, तो दूसरे शिकारी पक्षियों की संख्या पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। प्रकृति की खाद्य शृंखला भंग होने पर पूरा पर्यावरण असंतुलित होता है।
शहरीकरण ने खड़ा किया संकट!-चिडिय़ा पेड़ों पर रहने की बजाय छोटी झाडिय़ों पर रहना-बैठना पसंद करती है। लेकिन शहरों में नई कॉलोनियां बसाने के लिए झाडिय़ां हटानी पड़ती है।

-शहरों में जो पुराने मकान होते थे, उनमें रोशनदान, आला, ताकें, झरोखे आदि होते थे, जहां चिडिय़ा तिनकों का घोंसला बनाती थी। अब नई डिजायन के मकानों में ऐसा कुछ नहीं होता है। सफाई के चलते कोई चिडिय़ा तिनके जमा भी करती है, तो उन्हें तुरंत हटा दिया जाता है।-फ्लैट कल्चर विकसित होने से इन्हें मकानों में घुसने की जगह नहीं मिल पाती हैं।-शहरों में तेजी से बढ़ता ध्वनि और वायु प्रदूषण।

वाहनों की तेज आवाजों के बीच यह नहीं रह पाती हैं। वायु प्रदूषण के कारण इनके चूजे ठीक ढंग से विकसित नहीं हो पाते हैं। मोबाइल टावर की तंरगों ने भी इन्हें डिस्टर्ब (आईआईटी-मुम्बई के एक शोध के अनुसार) डिस्टर्ब किया है।

पक्षीविदों की चिंता

इनकी संख्या के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि जहां पहले हर गली-घर में इन्हें आसानी से देखा जा सकता था, अब वैसी स्थिति नहीं है। इन्हें बचाया जाना चाहिए।

-डॉ. अंजू बारोठ, वैज्ञानिक-भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून
शहरों से पूरी तरह से इनका सफाया हो चुका है। जैसे जयपुर की ही बात करें तो परकोटे में हमने बचपन में रोजाना चिडिय़ा के झंूड देखे हैं, लेकिन अब सी-स्कीम, सिविल लाइंस जैसे इलाकों में भी यह आसानी से देखने को नहीं मिलती हैं। मनुष्य ने इन्हें अपने घर-आंगन से बेदखल कर दिया है, हालांकि कुछ इलाकों में लोगों द्वारा परिन्डे बांधने, दाना डालने से इनकी जीवन क्षमता में बढ़ोतरी भी देखने को मिली है।


- डॉ. आशा शर्मा, प्राणीशात्री, जयपुर

चिडिय़ा इंसानों का सबसे अच्छा दोस्त रही है। यह कीट-पतंगों को खाकर उनकी संख्या को नियंत्रित रखती है। अब करोड़ों रुपए मकानों और खेतों में पेस्ट कन्ट्रोल के लिए खर्च करने पड़ते हैं। ऐसा बेशकीमती दोस्त दूसरा कोई परिन्दा नहीं है। मैं कई वर्षों से पक्षियों का अध्ययन कर रहा हूं, कह सकता हूं कि सबसे ज्यादा संख्या में पाया जाने वाला परिन्दा ही अब सबसे कम पाया जाने वाला बन रहा है।

-रविन्द्र सिंह तोमर, पक्षीविद्-हाड़ौती बर्ड कन्जर्वेशन सोसायटी-कोटा
कॉलोनाइजेशन ही चिडिय़ा का सबसे बड़ा दुश्मन है। शहर के बाहरी इलाकों में फिर भी इन्हें आसानी से देखा जा सकता है, लेकिन समग्र दृष्टि से तो इनकी संख्या में तेजी से कमी हो ही रही है, जो चिंताजनक है।-डॉ. अनिल त्रिपाठी, प्राणीशास्त्री-भीलवाड़ा

चिडिय़ा को बचाने के लिए इनके प्रति जागृति जगाने की जरूरत है, वरना आने वाली पीढिय़ां इन्हें अपने घर-आंगन के बजाए तस्वीरों में ही देख पाएंगी।

-प्रो. प्रवीण माथुर, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर