26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Ajmer / Dhanteras : बाजार रहे गुलजार, जमकर धन बरसा

Dhanteras : बाजार रहे गुलजार, जमकर धन बरसा

धनतेरस : पांच दिवसीय दिवाली महापर्व शुरू, खूब बिके एलईडी, वॉशिंग मशीन और वाहन
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

dinesh sharma

•

Updated: 25 Oct 2019, 10:16 PM IST

Dhanteras : बाजार रहे गुलजार, जमकर धन बरसा

Dhanteras : बाजार रहे गुलजार, जमकर धन बरसा

अजमेर.

रोशनी के महापर्व दीपावली की शुक्रवार को धनतेरस के साथ शुरूआत हुई। धनतेरस पर शहर के सभी बाजार गुलजार रहे और दिनभर खरीदारी का दौर चला। इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल, सोने-चांदी, रेडिमेड कपड़ों की जमकर बिक्री हुई।

पुरानी मंडी, नया बाजार, चूड़ी बाजार, मदार गेट पर लक्ष्मी पाना, मिट्टी के साधारण और सजावटी दीपक, मोमबत्तियां, खील-फूले की अस्थायी दुकानों पर भीड़ रही।

प्लास्टिक के रंग-बिरंगे फूल, पोस्टर, लाइटें और घर की सजावट की सामग्री भी खूब बिकी। व्यापारियों ने साड़ी, रेडिमेड कपड़े, सजावटी सामान, इलेक्ट्रिॉनिक आइटम का अतिरिक्त स्टॉक मंगवाया था। इसके लिए खरीद-फरोख्त पर छूट और कई गिफ्ट भी दिए गए। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों और ऑटोमोबाइल डीलर्स के यहां दोपहिया, चौपहिया, तिपहिया वाहनों की अच्छी बिक्री हुई। लोगों ने मुहूर्त के हिसाब से वाहन खरीदे।

इलेक्ट्रॉनिक आइटम में एलईडी और वॉशिंग मशीन की सर्वाधिक बिक्री हुई। फ्रिज, मोबाइल, गीजर, रेडिमेड कपड़े, साडिय़ां, बर्तन, सजावटी लाइट और कांच के सामान की भी बिक्री हुई।

व्यापारियों ने कई सामान पर गिफ्ट हैम्पर और इनामी कूपन भी दिए। किश्तों पर सामान खरीदने का विकल्प भी दिया गया। वहीं शनिवार को छोटी दिवाली और रविवार को दिवाली पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद की जा रही है।

सोने-चांदी के सिक्कों और मूर्तियों की जमकर बिक्री

सर्राफा बाजार में ज्वैलरी की दुकानों पर दिनभर भीड़ उमड़ी। लोगों ने सोने-चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश सहित अन्य मूर्तियों और बर्तनों की जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने ज्वैलरी की खरीद में रुझान दिखाया, हालांकि सोने के भाव अधिक होने से लाइट वेट ज्वैलरी की अधिक बिक्री हुई।

महिलाओं ने हार, सेट, चूडिय़ां, बिछुए, कुंडल, टॉप्स की खरीद की। सर्राफा व्यापारियों ने बताया कि शुभ मुहूर्त में खरीद के लिए कई महिलाओं ने एडवांस बुकिंग कराई थी। इसके लिए उन्होंने कम्प्यूटर से तैयार डिजाइनों के अलावा मोबाइल पर डिजाइन दिखाकर भी ज्वैलरी तैयार कराई।

धनतेरस पर शहर में 5 करोड़ से अधिक की ज्वैलरी, सिक्के और मूर्तियों के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। सोने का एक ग्राम सिक्का 99.9 गुणवत्ता का जहां करीब 4000 रुपए और चांदी का सिक्का 10 ग्राम का लगभग 500 रुपए का बिका।

कम कीमत की गाडिय़ों में अधिक रुझान

शहर में धनतेरस के मौके पर चारपहिया वाहनों की भी जमकर बिक्री हुई। वाहन डीलरों के अनुसार लोगों ने 7-8 लाख रुपए कीमत की कारों में अधिक रुझान दिखाया।

शुक्रवार को जहां 175 से 200 कारों की बिक्री हुई, वहीं शनिवार को भी 100 से अधिक वाहनों की बिक्री की उम्मीद की जा रही है। वाहनों की बिक्री से शहर में करीब 11 करोड़ और जिले में लगभग 15 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।

दीप जलाएंगे, होगा पूजन

मान्यता के अनुसार लोग अब रूप चतुर्दशी (छोटी दिवाली), महालक्ष्मी पूजन (दिवाली), गोवद्र्धन पूजन (राम-राम) और भैया दूज तक घरों-प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इस दौरान पूजन का दौर भी चलेगा।

अस्थायी दुकानों पर झलकी रौनक

धनतेरस पर पुरानी मंडी, आगरा गेट, मदार गेट, नया बाजार सहित अन्य इलाकों में खील-बताशे, चपड़ा-सटेली और अन्य पूजन सामग्री की अस्थायी दुकानों पर भी भीड़ रही।