
पुलिस गिरफ्त में आरोपी तथा उनसे बरामद औजार और कार।
पुष्कर (अजमेर). पुष्कर थाना पुलिस ने सोमवार वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने राजमार्गों पर की गई डीजल चोरी की 16 वारदातें कबूल की हैं। वृत्ताधिकारी विनोद कुमार व थानाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि गनाहेड़ा तिराहा रेलवे स्टेशन के पास खड़ी कार में चार युवक संदिग्ध हालात में नजर आए। पुलिस ने शक के आधार पर चारों से पूछताछ की तो उनके वाहनों से डीजल चोरी की वारदातों में लिप्तता का पता चला। इस पर पुलिस आरोपी मध्यप्रदेश के खुजनेर थाने के राजगढ़ जिला इस्लामपुरा निवासी जाकिर मोहम्मद, शाजापुरा जिले के आदर्श नवी नगर निवासी लखन सिंह, शाजापुरा जिले के धुपाड़ा थाने के चौड़ा मोहल्ला निवासी वाजिद एवं अजमेर के माकड़वाली निवासी सुल्तान सिंह को पकड़ कर थाने ले आई। यहां सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने मुख्य रूप से मांगलियावास, ब्यावर, नसीराबाद, जयपुर हाइवे व सांगानेर में राजमार्ग पर अंधेरे में खड़े वाहनों से डीजल चोरी करके कम दामों पर बेचने की 16 बड़ी वारदातें कबूल की। खास बात यह रही कि सभी वारदातें 28 नवम्बर 2019 से 3 जनवरी 2020 के मध्य अंजाम दी गई थी।
वारदातों पर एक नजर
28 नवम्बर को मांगलियावास के पास, 29 को ब्यावर, 30 को नसीराबाद के भवानी खेड़ा, 2 दिसम्बर को ब्यावर, 4 दिसम्बर से 30 दिसम्बर के मध्य सांगानेर के पास हाइवे पर 9 चोरी की वारदातें की। इसके अलावा 30 दिसम्बर को जनाना अस्पताल के पास, 1 जनवरी 20 को किशनगढ़ से पहले हाइवे, 2 जनवरी को परबतपुरा बाइपास हाइवे तथा 3 जनवरी को मांगलियावास हाइवे पर डीजल चोरी करने की वारदातें अंजाम दी।
औजार व कार बरामद
आरोपियों से बड़ी संख्या में चोरी के काम में लिए जाने वाले औजार बरामद किए गए। साथ ही चोरी में इस्तेमाल एक कार भी बरामद की गई है। इस कार की नेम प्लेट डिजिटल तरीके से भ्रमित करने वाली लगाई गई है ताकि कोई कार के नंबर आसानी से नहीं पहचान सके।
एक सप्ताह में दूसरी कामयाबी
पुष्कर थाना पुलिस ने इससे पहले शनिवार तीर्थनगरी में पांव पसार रहे नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नशे के रूप में इस्तेमाल केटामाइन इंजेक्शन की 280 शीशियों सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।
इनका कहना है
पुष्कर में अंतर्राज्यीय डीजल चोर गिरोह के चार चारों को गिरफ्तार किया है, जांच की जा रही है।
- राजेश मीणा, थानाधिकारी पुष्कर
Published on:
6 Jan 2020, 10:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.