
मददगार बन महिला से ठगे 8 हजार, देर शाम चढ़े पुलिस के हत्थे आरोपी
एक्टिव पुलिसिंग : महाराष्ट्र नागपुर के गिरोह का पर्दाफाश, पांच जने गिरफ्तार
अजमेर. बैंक खाते से पैसे निकालने आई महिला की मदद का झांसा देकर ठग 8 हजार रुपए लेकर चम्पत हो गए। पीडि़ता ने क्लॉक टावर थाने में शिकायत दी तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरोह की तलाश शुरू की। मामले में सहायक पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के नेतृत्व सक्रिय हुई क्लॉक टावर, रामगंज थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार घंटे में महाराष्ट्र नागपुर के गिरोह को ढूंढ निकाला। पुलिस ने गिरोह के 5 जनों को गिरफ्तार किया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि अलवरगेट कल्याणी पुरा निवासी कान्ता देवी पत्नी महेन्द्र कुमार रेगर शुक्रवार दोपहर जीसीए चौराहा संत फ्रांसिस अस्पताल के पास स्थित उज्ज्वल बैंक में लिए गए ऋण की राशि खाते से निकालने आई। उसने साढ़े 35 हजार रुपए निकालने के बाद बैंक में रकम गिनने के दौरान एक युवक उसके पास आया। उसने बैंक की ओर से नकली व रंग लगे नोट देने की बातों उलझाकर मदद करने की बात कही। रकम गिनने में मदद के दौरान युवक ने 200 रुपए के 40 नोट (8 हजार) रुपए उड़ा दिए। रकम उड़ाने के बाद वह वहां से अपने चार अन्य साथी के साथ निकल गया। पीडि़ता कान्ता देवी को जब रकम निकली तो उसने शोर मचा दिया। उसने क्लॉक टावर थाने पहुंच मामले में शिकायत की। पुलिस ने ठगी का मुकदमा दर्जकर लिया।
---------------------------
त्वरित कार्रवाई दी अंजाम
इधर महिला से दिनदहाड़े बैंक में ठगी की वारदात पर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह और एएसपी हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देश में क्लॉक टावर थानाप्रभारी सूर्यभान सिंह, रामगंज थानाप्रभारी गोमाराम की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बैंक, अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज व तस्वीर के आधार पर शहर में तलाश शुरू की। पुलिस ने चार घंटे की मशक्कत के बाद गिरोह के पांच जनों देर शाम दबोच लिया। कार्रवाई में एएसआई बलदेवराम, हैडकांस्टेबल महेन्द्रसिंह, मामराज, सिपाही विजेन्द्रसिंह, प्रकाश, कालूराम, रामप्रसाद व लादूराम शामिल है।
पुलिस के यह आए गिरफ्त
पुलिस के गिरफ्त में आने वालों में महाराष्ट्र नागपुर वारिसपुर कामटी थाना निवासी हैदर अली, सलीम, सैयद जाफर जैदी, शहजाद और अजहर अहमद शामिल है। पुलिस आरोपियों से ठगी की वारदात के संबंध में पड़ताल में जुटी है। आरोपियों का कहना है कि वह नागपुर के गरीब किसान है। आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल में जुटी है।
------------------------------
होटल में बनाया ठिकाना
पुलिस पड़ताल में आया कि गिरोह गंज थाना क्षेत्र में होटल में कमरा लेकर ठहरे है। पुलिस देर रात तक उनसे पड़ताल व होटल के कमरे की तलाशी ली। पुलिस आरोपियों से ठगी गई रकम बरामदगी के प्रयास में जुटी है। पुलिस गिरोह से कई वारदातें खुलने का संभावना है।
Published on:
21 Jul 2019, 2:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.