
देश में पहली बार मिलिट्री स्कूलों में बालिकाओं को मिलेगा प्रवेश
धौलपुर. अब देशभर के पांचों राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में आगामी शैक्षिक सत्र से बालिकाओं को भी प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए मिलिट्री स्कूलों ने आवेदन मांगे हैं। हालांकि, यह प्रवेश केवल कक्षा छह में ही दिए जाएंगे। जबकि बालकों को कक्षा 6 व 9 दोनों में प्रवेश दिए जाएंगे। देश भर में पांच मिलिट्री स्कूल हैं, इनमें चैल (हिमाचल प्रदेश), अजमेर व धौलपुर (राजस्थान) तथा बेलगाम व बंैगलूरु (कर्नाटक) शामिल हैं।
दस प्रतिशत सीट आरक्षित
भले ही राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में पहली बार बालिकाओं को प्रवेश दिया जा रहा हो, लेकिन इसमें कुल सीटों की दस प्रतिशत सीटों पर ही बालिकाओं को प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक स्कूल में अधिकतम 60 सीट हैं, इस हिसाब से पांचों स्कूलों में 30 सीटों पर ही बालिकाओं को ही प्रवेश दिया जाएगा। यह रहेगी योग्यता
कक्षा छह में प्रवेश के लिए पांचवी कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। वहीं जो विद्यार्थी वर्तमान शैक्षणिक वर्ष में कक्षा पांचवी में पढ़ रहे हैं, उनके उत्तीर्ण होने पर ही वे स्कूल में दाखिल हो सकेंगे। वहीं, कक्षा 9 के लिए सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूल से आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। जो विद्यार्थी कक्षा आठ में पढ़ रहे हैं, वे भी कक्षा नवीं की प्रवेश परीक्षा में बैठ सकते हैं।
तय नहीं परीक्षा तिथि
हालांकि अभी प्रवेश परीक्षा की तिथि निश्चित नहीं की गई है, लेकिन परीक्षा के लिए नामांकित अभ्यर्थियों को रजिस्टर्ड ईमेल, मोबाइल पर सूचित किया जाएगा। आवेदन राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल की वेबसाइट पर ऑनलाइन किया जा सकते हैं। आवेदन 8 दिसम्बर से शुरू हो गए है। वहीं आवेदन-पत्र भरने तथा फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 8 दिसम्बर रखी गई है।
Updated on:
10 Nov 2021, 1:43 AM IST
Published on:
10 Nov 2021, 1:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.