
होटल के कारिन्दों ने ही दी थी चोरी की वारदात अंजाम
अजमेर. पंचशीलनगर स्थित निर्माणाधीन ब्राविया होटल में हुई चोरी की वारदात का क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश कर दिया। चोरी की वारदात होटल के ही कर्मचारियों ने अंजाम दी थी। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले सहित तीन को गिरफ्तार चोरी का माल बरामद किया है।
थानाप्रभारी दिनेश कुमावत ने बताया कि पंचशील नगर झलकारी बाई स्मारक के पास निर्माणाधीन ब्राविया होटल में 22 नवम्बर को चोरी की वारदात में पड़ताल कर 3 जनों को गिरफ्तार किया। इसमें होटल में तैनात पैंथर सिक्योरिटी गार्ड का सुरक्षाकर्मी नागौर डेगाना सारसंडा निवासी रविन्द्रसिंह पुत्र सुगनसिंह व श्रमिक नागौर मकराना कुकड़ौद निवासी श्रमिक मूलचन्द पुत्र बन्नाराम रेगर को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर होटल के सुपरवाइजर सिविल लाइंस पीलीखान नई बस्ती निवासी मुकेश शर्मा पुत्र रामचन्द्र को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि तीनों निर्माणाधीन होटल में काम करते है। उनसे 9 एलइडी टीवी बरामद की गई है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कुम्भाराम, हैडकांस्टेबल गोपाल गोरा, सिपाही मुकेश सारण, मुकेश टांडी व अभय कमांड सेंटर के सिपाही सुरेश चौधरी शामिल है।
सीसीटीवी में उजागर
सीआई कुमावत ने बताया कि प्रकरण में होटल मैनेजर ने होटल के ही कर्मचारी की लिप्तता का शक जाहिर किया। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद सुरक्षाकर्मी रविन्द्र व मूलचन्द से चोरी के संबंध में पड़ताल की। पुलिस पड़ताल में उन्होंने चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो होटल में चोरी करना कबूल लिया। पुलिस ने उनसे 9 एलइडी टीवी बरामद कर ली।
सुपरवाइजर को बेची
सीआई कुमावत ने बताया कि रविन्द्र व मूलचन्द ने चुराए गए 10 एलइडी टीवी में से एक होटल के सुपरवाइजर मुकेश शर्मा को बेचना कबूला। दी। पुलिस रविन्द्र, मूलचंद के कब्जे से 9 एलइडी टीवी बरामद किए हैं।
Published on:
25 Nov 2019, 12:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.