महावीर भट्ट/पुष्कर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को हेलीपैड पर उतरते ही अनिल अग्रवाल के बारे में पूछा तो मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी हक्के-बक्के रह गए। उपराष्ट्रपति ने दो बार पूछा कि अनिल नहीं आया क्या, लेकिन अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं था। बाद में जानकारी की तो पता चला कि अजमेर के मदार गेट के व्यवसायी अनिल अग्रवाल उनके पुराने मित्र हैं। हेलीपैड पर प्रथम 10 स्वागतकर्ताओं की सूची में उनका नाम भी था। शनिवार शाम ही उनके नाम का पास भी बना दिया गया, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर उन्हें सूचना नहीं दी गई। बाद में सूचना मिलने पर अग्रवाल ने लौटते समय हेलीपैड पर उपराष्ट्रपति से मुलाकात की। इसके बाद प्रशासन को राहत मिली।