
महिला बसयात्री के बैग से साढ़े 6 लाख के जेवर पार
अजमेर.
यात्री वाहनों में ज्वैलरी और नकदी लेकर सफर करना जोखिम भरा हो चुका है। अजमेर जिले में सक्रिय जेबतराश गिरोह सूटकेस, बैग से पलक झपकते वारदात अंजाम देकर निकल जाते हैं। राहजनी की लगातार होती वारदातों के लिए पुलिस अधीक्षक ने स्पेशल टीम गठित की है। लेकिन इसी बीच एक विवाहिता ब्यावर से अजमेर के बीच बस में सफर के दौरान १३ तोला सोने की ज्वैलरी गंवा बैठी। पीडि़ता ने सिविल लाइन थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नागौर जिले के नृसिंग बासनी निवासी ललिता रावल ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दी कि वह सोमवार को ननद की शादी में शामिल होकर चाचा के घर अजमेर पंचशील आ रही थी। सोजत से ब्यावर तक कार में आए। ब्यावर से रोडवेज बस में चढ़ गए। बस में उसने ज्वैलरी का बैग सीट के ऊपर रख दिया। बस रवाना होने के दौरान ४ युवक बस में चढ़े और गैलरी में खड़े हो गए। अजमेर पहुंचने से कुछ देर पहले एक युवक ने ऊपर रखा बैग गिरने की बात कही। पीडि़ता के इनकार के बाद आरोपी ने कुछ देर फिर बैग बच्चे पर गिरने की बात कही। उसने बैग को नीचे उतारने के लिए कहा तो पीडि़ता ललिता ने भी हामी भर दी। उतारने के बाद युवक ने बैग अपने पैरों में रख लिया। जब अजमेर बस स्टैंड उतरे तो बैग में ज्वैलरी का छोटा बैग नदारद था। उन्होंने मामले में सिविल लाइन थाने में शिकायत दी।
साढ़े 6 लाख की ज्वैलरी निकाली
पीडि़ता ललिता रावल ने बताया कि दो मिनट बाद ही उसने बैग वापस अपनी गोद में ले लिया लेकिन आरोपियों ने न जाने कब बैग से ज्वैलरी का बॉक्स निकाल लिया। बॉक्स में सोने की टूसी, गले में पहनने का आड़, रखड़ी सेट व अन्य जेवर थे। सोने के जेवर का वजन करीब १३ तोला था। वहीं पांच सौ रुपए का एक नोट था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Published on:
24 Nov 2021, 1:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.