
Protest-सड़क पर उतरे वकील, जयपुर रोड पर लगाया जाम
अजमेर. राज्य उपभोक्ता आयोग की सर्किट बेंच की मांग को लेकर मंगलवार दोपहर जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने संभागीय आयुक्त कार्यालय के बाहर जाम लगाया। जाम से जयपुर रोड पर सैकड़ों वाहन व लोग फंस गए। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त रेणू रूद्रा ने समझाइश का प्रयास किया। इसके बाद संभागीय आयुक्त एन.एल. मीणा ने गुरुवार दोपहर वार्ता कर स्थाई निवारण का विश्वास दिलाने पर वकीलों ने जाम खोला। हालांकि वकीलों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय किया।
जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने आंदोलन के दूसरे दिन मंगलवार दोपहर को संभागीय आयुक्त कार्यालय के बाहर जाम लगाया। त्रिपाठी ने बताया कि पिछले सात साल से राज्य उपभोक्ता आयोग की बेंच को खोलने को लेकर जिला प्रशासन से स्थान की मांग की जा रही है लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। सोमवार को सेशन कोर्ट में न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। मंगलवार को सामुहिक रूप से निर्णय करते हुए जयपुर रोड पर जाम का निर्णय किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन जल्द निर्णय नहीं करेगा तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। जाम की सूचना पर पुलिस उपअधीक्षक(उत्तर) डॉ. प्रियंका, सिविल लाइन थाना पुलिस पहुंची। अधिवक्ता संभागीय आयुक्त से वार्ता पर अड़ गए। मांग पर अतिरिक्त संभागीय आयुक्त रेणू रूद्रा ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाया।
वार्ता में पहुंची विधायक
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त रेणू रूद्रा से बात करने जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ अजमेर दक्षिण की विधायक अनिता भदेल, सचिव समीर काले, संयुक्त सचिव डॉ. राहुल भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अजीत कुमार पहाडिय़ा, पूर्व अध्यक्ष राजेश टंडन पहुंचे। यहां विधायक अनिता भदेल के पहुंचने पर कुछ अधिवक्ताओं ने नाराजगी भी जाहिर की। हालांकि संभागीय आयुक्त ने 24 अक्टूबर को दोपहर एक बजे बैठक करके उन्हें स्थाई समाधान का आश्वासन दिया।
समाधान नहीं तो अजमेर बंद
सचिव समीर काले ने बताया कि आगामी 24 अक्टूबर को सर्किट बैंच को लेकर स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो अजमेर बार एसोसिएशन आंदोलन को तेज करेगा। आगामी दिनों में अजमेर बंद का कदम उठाया जाएगा। एसोसिएशन मांग को लेकर आंदोलन व न्यायिक कार्य स्थिगित करने का निर्णय किया। कोई भी अधिवक्ता न्यायालय में कार्य करता पाया गया तो उस पर 500 रुपए का दंड की कार्यवाही करने का फैसला लिया गया।
...आपको किसने बुलाया
अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल के आंदोलन में पहुंचने और जाम में गाड़ी निकालने पर वकील योगेन्द्र ओझा ने हंगामा खड़ा कर दिया। ओझा ने विधायक भदेल से सवाल किया कि आपको किसने बुलाया और जाम सबके लिए है। इस बात पर ओझा से अधिवक्ता प्रशांत यादव, देवेन्द्रसिंह व टीकमसिंह रावत उलझ पड़े। ओझा का सवाल था कि वकीलों की मांग सात साल पुरानी है। बीते पांच साल प्रदेश में भाजपा सरकार थी। तब विधायक अनिता भदेल मंत्री पद पर थी, तब उन्हें उनकी जायज मांग नजर नहीं आई।
जाम में फंसे आमजन
जयपुर रोड पर लगाए जाम का असर पूरे शहर पर पड़ा। शहर में मंगलवार सुबह राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से जनसम्पर्क अधिकारी की लिखित परीक्षा थी। ऐसे में करीब ढाई हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने आए थे। परीक्षा छूटते ही श्जाम में फंस गए। जाम का असर जयपुर रोड, आगरा गेट, कचहरी रोड व स्टेशन रोड पर नजर आया।
Published on:
23 Oct 2019, 4:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.