
गौर से देखें इन्हें, दिनदहाड़े करते हैं अपराध
मनीष कुमार सिंह
अजमेर. कोटड़ा स्थित मंगलम् अपार्टमेंट में दिनदहाड़े चोरी के मामले में क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को सीसीटीवी फुटेज में नजर आए संदिग्धों की तस्वीर जारी कर दी। आरोपित कार में सवार होकर आए थे। पुलिस ने फुटेज में नजर आए नकबजन और कार के रजिस्ट्रेशन नम्बर से तलाश शुरू कर दी है।
थानाप्रभारी दिनेश कुमावत ने बताया कि कोटड़ा मंगलम् अपार्टमेंट में 26 मार्च को दिनदहाड़े किराणा स्टोर व्यवसायी सरदार सुरेन्द्रसिंह के फ्लैट से चोर ज्वैलरी और नकदी ले गए। पुलिस जांच में अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज में घटना के समय दो युवक संदिग्ध नजर आए। पड़ताल के बाद दोनों का अपार्टमेंट में मौजूदगी संदिग्ध नजर आई। पुलिस ने दोनों संदिग्धों के सीसीटीवी फुटेज से फोटो जारी करते हुए तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में नजर आए दोनों युवक की उम्र करीब 40 से 50 साल के बीच है। दोनों वारदात अंजाम देने के लिए कार में आए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में नजर आई कार की पड़ताल में जुटी है।
आमजन में दहशत
यहां अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। अपार्टमेंट में दिनदहाड़े लगातार दो चोरी की वारदात ने यहां रहने वाले लोगों की नींद उड़ा दी है। द रेजीडेंसी वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष प्रियेश प्रधान ने गतदिनों एसपी कुंवर राष्ट्रदीप से मुलाकात क मामले में गंभीरता से कार्रवाई की मांग की थी।
उड़ाया था लाखों का माल
शातिर नकबजन ने सरदार सुरेन्द्र सिंह के फ्लैट से करीब 5 लाख से ज्यादा का माल उड़ाया था। जनरल स्टोर संचालक सरदार सुरेन्द्र सिंह ने मामले में क्रिश्चियन गंज थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था।
Published on:
6 Apr 2019, 3:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.