
जिले में गत वर्ष 7 करोड़ रुपए की लागत से हुए पौधरोपण की होगी जांच,जिले में गत वर्ष 7 करोड़ रुपए की लागत से हुए पौधरोपण की होगी जांच
धौलपुर. जिला प्रभारी मंत्री भजन लाल जाटव ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में जिले में गत वर्ष सात करोड़ रुपए की लागत से हुए पौधरोपण की जांच करने के निर्देश दिए हैं। गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा विभाग राज्यमंत्री जाटव ने बैठक में कोविड नियंत्रण गतिविधियों को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी मरीज को कोई परेशानी नहीं हो। समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में वन विभाग की ओर से 7 करोड़ की लागत से किए गए वृक्षारोपण कार्यो की जांच के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए समिति गठित कर ब्लॉकवार पोधरोपण एवं गढ्ढे खुदाई की जांच की जाएगी। रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
हो पेयजल समस्या का समाधान...
प्रभारी मंत्री ने ग्रीष्मकाल के चलते क्षेत्र में पेयजल प्रबन्धन को सुढृढ़ बनाए रखने और पेयजल से संबंधित हर प्रकार की समस्या और शिकायत का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को खाद, बीज समय पर उपलब्ध हो। उन्होंने राजफैड द्वारा गेहंू के क्रय केन्द्र नहीं खोलने पर किसानों के गेहूॅ का क्रय नहीं किया जा सका। इस पर 17 सीसी के नोटिस की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
संभावित तीसरी लहर में हो पुख्ता व्यवस्था ...
कोविड संक्रमण को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर व आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता हो। तीसरी लहर की संभावना के चलते बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। नरेगा में अधिकाधिक उपलब्ध हो रोजगार नरेगा योजना के तहत अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार देने के निर्देश दिए। कहा कि लॉकडाउन एवं अन्य पाबंदियों के चलते कोरोना के मुश्किल दौर से गुजर रहे ग्रामीणों को रोजगार के माध्यम से सम्बल देना और राहत प्रदान करना बहुत जरूरी है। इस कार्य में कहीं ढिलाई नहीं बरती जाए और जरूरतमन्दों को अपने क्षेत्र में कार्य स्वीकृत कर रोजगार से लाभान्वित किया जाए।
समय पर कराएं वैक्सीनेशन...
उन्होंने क्षेत्रवासियों से समय पर वैक्सीनेशन कराने का आग्रह करते हुए कहा कि क्षेत्र के अधिकाधिक लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरुक एवं प्रेरित करें, ताकि कोरोना संक्रमण पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाया जा सके। कलक्टर ने तृतीय लहर की की तैयारियों की दी जानकारी जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने तीसरी लहर के लिए शिशु अस्पताल के सुढृढ़ीकरण, ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर बनने के लिए किए जा रहे प्रयास के बारे में जानकारी दी। सितंबर माह में संभावित कोरोना की तीसरी लहर का सामना करने के लिए जिले के मातृ शिशु अस्पताल के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद चेतन चौहान, एडीएम नरेंद्र कुमार वर्मा एवं बिजली, पानी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने अपने विभाग की प्रगति और गतिविधियों पर जानकारी दी। विधायक बाड़ी गिर्राज सिंह मलिंगा ने भी पेयजल आपूर्ति की समस्याओं के संबंध में आवश्यक जानकारी कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्याओं का शीघ्रता से समाधान कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने पुलिस व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद चेतन चौहान, एडीएम नरेंद्र कुमार वर्मा, डीएफओ कैलाश चंद मीणा, डीएसओ सौरभ जैन, सीएमएचओ डॉ. गोपाल प्रसाद गोयल, पीएमओ डॉ. समरवीर सिकरवार, सीडीईओ सियाराम मीणा, एडीपीसी मुकेश गर्ग सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
5 Jun 2021, 1:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.