
लेडी सिंघम के अंदाज निकली आरएएस अफसर, मचा हड़कम्प
अजमेर. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को पुलिस-प्रशासन ने पैदल मार्च निकाला। एसडीएम आर्तिका शुक्ला व एएसपी हर्षवर्धन अग्रवाल के नेतृत्व में निकले पैदल मार्च से सांसी बस्ती भगवान गंज क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। जबकि इससे पूर्व आबकारी विभाग व रामगंज थाना पुलिस ने सांसी बस्ती में अवैध शराब के खिलाफ सर्च अभियान चलाया। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही महिला शराब तस्कर फरार हो गई। दल ने उसके ठिकाने से अवैध शराब बरामद की।
मंगलवार शाम रामगंज इलाके में पुलिस और प्रशासन ने पैदल मार्च किया। एसडीएम आर्तिका शुक्ला, सहायक पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के नेतृत्व में थानाधिकारी गोमाराम, आरएसी व हाडारानी बटालियन का जाप्ता शामिल था। पुलिस ने रामगंज, भगवान गंज, सांसी बस्ती, पहाडग़ंज क्षेत्र में पैदल मार्च किया। पुलिस के पैदल मार्च से भगवानगंज सांसी बस्ती में शराब तस्करों में हड़कम्प मच गया। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में शराब तस्करों व अपराधी तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन लगातार पैदल मार्च निकाल रहा है।
सर्च अभियान में पकड़ी शराब
सहायक आबकारी अधिकारी विजय जोशी, रामगंज थानाप्रभारी गोमाराम के नेतृत्व में आबकारी दल व पुलिस टीम ने भगवान गंज, सांसी बस्ती, कंजर बस्ती, रामगंज, गुर्जर धरती व राबडिय़ा मोहल्ला में सर्च अभियान चलाया। पुलिस व आबकारी जाप्ता देखकर क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। कार्रवाई में एक-एक गली मोहल्ले में तलाशी ली गई। दल ने सांसी बस्ती में महिला तस्कर पिंकी पत्नी श्रवण उर्फ अशोक सांसी के ठिकाने पर दबिश दी। पिंकी कार्रवाई की भनक लगते ही भाग निकली। उसके यहां से दल ने ४० पव्वे अवैध देशी शराब और १५ बोतल बीयर के बरामद किए। कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक, भगवान गंज चौकीप्रभारी मुकेश कुमार यादव, प्रहराधिकारी रामगोपाल समेत कई लोग मौजूद थे।
Updated on:
25 Apr 2019 01:51 am
Published on:
25 Apr 2019 01:51 am
