
अजमेर . पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिविल लाइंस थाना पुलिस को कुख्यात तस्कर मोहम्मद खोखन को गांजे की खेप व मोटी रकम समेत गिरफ्तार किया। वृत्ताधिकारी(उत्तर) डॉ. दुर्गसिंह राजपुरोहित ने बताया कि सिविल लाइंस थाने की स्पेशल टीम के सिपाही अजयकुमार, प्रभात कुमार, महेन्द्रसिंह व रामनिवास ने केन्द्रीय बस स्टैंड के पीछे फूस की कोठी क्षेत्र में दबिश दी।
यहां से अन्दरकोट में रहने वाले कुख्यात तस्कर मोहम्मद खोखन (36) पुत्र मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक किलो 756 ग्राम गांजा और पांच लाख 37 हजार 915 रुपए बरामद किए। पुलिस ने उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम में मामला दर्ज किया है। प्रकरण में अनुसंधान कोतवाली थानाप्रभारी धर्मवीर सिंह कर रहे है।
9 साल की सजा काटी
डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि खोखन के खिलाफ पूर्व में दरगाह थाना समेत अन्य पुलिस थानों में मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं। वह हाल ही मादक पदार्थ की तस्करी मामले में 9 साल की सजा काट कर छूटा था। जेल से रिहाई के तुरन्त बाद खोखन दरी, पट्टी, पायदान बेचने की आड़ में नशे का कारोबार शुरू कर दिया।
तरीका-ए-वारदात
डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि खोखन मूलत: पश्चिम बंगाल के रहने वाला है लेकिन लम्बे समय से परिवार के साथ अंदरकोट इलाके में रह रहा है। जेल से रिहा होने के बाद खोखन मध्यप्रदेश से पैसेंजर बस से दरी-पट्टी में मादक पदार्थ के पैकेट छिपाकर लाता है। यहां फूस की कोठी क्षेत्र में माल को उतारता है। वह यहां नशे की पुडिय़ा बनाकर दरगाह, अन्दर कोट इलाके में नशेड़ी प्रवृत्ति के व्यक्तियों को पहुंचा देता है। खोखन के नशे के कारोबार में उसकी पत्नी लूसी और परिवार के बाकी सदस्य भी सक्रिय है। लूसी भी पूर्व में पुलिस की गिरफ्त में आ चुकी है।
पुडिय़ा के बदले चोरी का माल
पुलिस ने खोखन से चोरी के आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए है। खोखन नशेडिय़ों को नशे की पुडिय़ा के बदले चोरी के मोबाइल और अन्य सामान लेता था। पुलिस बरामद मोबाइल की भी पड़ताल में जुटी है।
जालियान कब्रिस्तान है केन्द्र
अन्दरकोट जालियान कब्रिस्तान नशे के काले कारोबार का केन्द्र बिन्दु है। यहीं से अजमेर शहर में नशे के कारोबार का संचालन होता है। खोखन व उसकी पत्नी लूसी समेत आधा दर्जन तस्कर जालियान कब्रिस्तान और उसके आसपास ही नशे की पुडिय़ा बेचते पूर्व में पकड़े जा चुके है। यहां दिनभर नशेडिय़ों का भी जमावड़ा लगा रहता है। वहीं दरगाह में आने वाले जायरीन को नशे की पुडिय़ा परोसी जाती है।
Published on:
27 Apr 2018 02:32 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
