
अजमेर. सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के मुख्यद्वार पर सोमवार व्याख्याताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठियां भांजी। एनएसयूआई, एबीवीपी के छात्र संयुक्त रूप से सुबह व्याख्याताओं के व्यवहार के लेकर कॉलेज के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन कर रहे थे। मुख्यद्वार को बंद करने को लेकर छात्रों का विवाद हो गया। पुलिस ने छात्रों को समझाइश का प्रयास किया लेकिन कुछ छात्र धक्का-मुक्की पर उतारू हो गए।
छात्रों के बढ़ते हंगामे को देखकर पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकार खदेड़ा। पुलिस की लाठियां भांजते ही प्रदर्शन कर रहे छात्र बिखर गए।पुलिस ने छह छात्रों को हिरासत में लिया है। घटना के तत्काल बाद कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय जैन ने पदाधिकारियों के साथ कलक्टर व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर घटना की निंदा की। उन्होंने हिरासत में लिए गए छात्रों को तुरन्त रिहा करने की मांग की। एसपी राजेन्द्र सिंह ने उचित कार्रवाई के बाद रिहाई का आश्वासन दिया।