
अजमेर. अजमेर के प्रतिष्ठित कॉलेज(स्कूल) के छात्र के साथ मारपीट कर यौनशोषण के मामले में अनुसंधान अधिकारी ने छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों के बयान दर्ज किए। वहीं पुलिस ने शिक्षण संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज खंगाली लेकिन प्रथमदृष्ट्या पीडि़त छात्र की ओर से बताए तथ्य सामने नहीं आए। पुलिस मामले में गहनता से अनुसंधान में जुटी है।
अनुसंधान में जुटे पुलिस अधिकारी ने बुधवार को पीडि़त के बताए अनुसार हाउस में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं शिक्षण संस्थान में स्थित हाउस विशेष के छात्रों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि पीडि़त छात्र गतदिनों ही शिक्षण संस्थान में आया था। मेल-मिलाप के दौरान उसका छात्रों से विवाद हो गया था। जिस पर उसका छात्रों से झगड़ा हो गया।
वह 23 जुलाई को बिना प्रबंधन को सूचना दिए संस्थान की दीवार फांदकर भाग गया था। वह 30 जुलाई को परिजन के साथ लौटा और अपनी आपबीती कॉलेज प्रबंधन को बताने के बाद अलवर गेट थाने में शिकायत दी। जिसमें उसने अपने हाउस के तीन छात्रों पर मारपीट, यौनशोषण और धमकाने का आरोप लगाए हैं। हालांकि मामले में अब तक शिक्षण संस्थान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। प्रबंधन मामले में चुप्पी साधे हुए है।
पुलिस बरत रही है सावधानी
स्कूली छात्र के यौषण से जुड़े मामले में पुलिस सावधानी बरत रही है। हालांकि मामले में अनुसंधान अधिकारी ने मुकदमा दर्ज होने और अनुसंधान की जानकारी दी। गौरतलब है कि मामला देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान व यूपी के बड़े व्यापारी के बेटे से जुड़ा होने से खासा तूल पकड़ता जा रहा है।